
BCCI Action : टी20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम इंडिया की शर्मनाक हार के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड एक्शन में नजर आ रहा है। बीसीसीआई ने चेतन शर्मा की पूरी चयन समिति को बर्खास्त कर दिया है। माना जा रहा है कि अब बीसीसीआई कुछ और बड़े फैसले लेने की तैयारी में है। ऐसे में रोहित शर्मा की टी20 टीम की कप्तानी पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। ज्ञात हो कि भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में ही टी20 वर्ल्ड कप 2022 खेला था और उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने के कारण भारत सेमीफाइनल में हारकर बाहर हो गया।
दरअसल, बीसीसीआई ने शुक्रवार को बड़ा एक्शन लेते हुए सभी को चौंकाकर चेतन शर्मा के नेतृत्व वाली 4 सदस्यीय सिलेक्शन कमेटी को बर्खास्त कर दिया गया है। चेतन शर्मा (उत्तर क्षेत्र), सुनील जोशी (दक्षिण क्षेत्र), देबाशीष मोहंती (पूर्वी क्षेत्र) और हरविंदर सिंह (मध्य क्षेत्र) को पदों से बर्खास्त कर दिया है। बता दें कि चेतन शर्मा के सिलेक्शन कमेटी प्रमुख रहते हुए भारतीय टीम आईसीसी के दो टूर्नामेंट हारकर लौटी है। भारत जहां वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हारी थी, वहीं अब टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में शिकस्त मिली है।
तीनों फॉर्मेट में अलग-अलग कप्तान!
सूत्रों की मानें तो बीसीसीआई चयन समिति बर्खास्त करने के बाद स्प्लिट कप्तानी पर मंथन कर रहा है। ऐसे में टी20, वनडे और टेस्ट में अलग-अलग कप्तान बनाए जा सकते हैं। इसके साथ ही इस पर भी विचार किया जा रहा है कि रोहित शर्मा वनडे और टेस्ट के कप्तान बने रहें और टी20 का कप्तान किसी और को बनाया जाए। टी20 की कप्तानी हार्दिक पांड्या को दी जा सकती है। हार्दिक पांड्या फिलहाल न्यूजीलैंड दौरे पर टी20 की कप्तानी कर रहे हैं तो शिखर धवन को वनडे कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह भी पढ़े - भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 में कौन किस पर भारी? यहां देखें अभी तक के आंकड़े
नियुक्ति के लिए मांगे गए आवेदन
बता दें कि बीसीसीआई ने सीनियर पुरुष टीम के लिए चयन समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीसीसीआई ने 5 चयनकर्ताओं की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं। आवेदन 28 नवंबर 2022 को शाम 6 बजे तक जमा कराए जा सकते हैं। आवेदकों को कम से कम 7 टेस्ट या 40 प्रथम श्रेणी मैच अथवा 10 वनडे और 20 प्रथम श्रेणी मैच खेलने का अनुभव होना अनिवार्य है।
यह भी पढ़े -कोच वीवीएस लक्ष्मण बने हार्दिक के फैन, बोले- पांड्या जबरदस्त कप्तान
Published on:
19 Nov 2022, 9:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.