
3 पारी 241 रन: प्रचंड फॉर्म में हैं मुरली विजय, एसेक्स के लिए खेलते हुए जड़ा एक और अर्धशतक
नई दिल्ली।इंग्लैंड दौरे पर खराब प्रदर्शन का कोप भोगने वाले मुरली विजय अलग ही फॉर्म में नजर आ रहे हैं। वो केवल टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं और इसको आसानी से जाने देना नहीं चाहते। वह इस समय इंग्लैंड में एसेक्स टीम की ओर से काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने लगातार पिछली तीन पारियों में 50 के ऊपर रन बनाए हैं। यह वहीं इंग्लैंड की जमीं हैं जहां वह भारत के लिए खेलते हुए एक मैच की दोनों पारियों में 0 रन पर आउट हुए थे। आपको बता दें कि विजय ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले दो मैचों में साधारण प्रदर्शन किया था जिस कारण वह तीसरे टेस्ट मैच में बाहर बैठे थे। इसके बाद उन्हें आखिरी दो टेस्ट मैचों के लिए चुनी गई 15 सदस्यों वाली टीम में भी जगह नहीं मिली थी। टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद विजय ने एसेक्स के साथ काउंटी सत्र में बचे हुए 3 मैचों के लिए करार किया था।
मुरली विजय की पारी-
काउंटी चैंपियनशिप डिवीज़न-1 में 18 सितम्बर से शुरू वॉरसेस्टरशायर के खिलाफ मैच में मुरली विजय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 107 गेंदों का सामना कर 14 चौकों और 1 छक्के के साथ 85 रनों की पारी खेली। वह जॉश टंग की गेंद पर बोल्ड हुए। आउट होने से पहले वो टीम के बड़ा स्कोर करने के लिए नीव रख गए थे। उनके अलावा एसेक्स के लिए टॉम वेस्टले ने 55 रनों की पारी खेली। मैच का पहला दिन खत्म होने पर एसेक्स 5 विकेट के नुक्सान पर 255 रन बना चुकी है और वह वॉरसेस्टरशायर के खिलाफ 158 रनों की लीड ले अच्छी स्थिति में है।
वॉरसेस्टरशायर सस्ते में ऑल-आउट-
इससे पहले एसेक्स ने वॉरसेस्टरशायर की पारी को 25 ओवरों में मात्र 94 रन पर समेट दिया था। जेम्स पोर्टर ने 10 ओवर में 41 रन खर्च कर 7 विकेट झटके। वॉरसेस्टरशायर के लिए जो क्लार्क ने 56 गेंदों में 28 रन बनाए। दिन खत्म होने पर लम्बी लीड ले चुकी एसेक्स मैच में मजबूत स्थिति में है और अब इस मैच में वॉरसेस्टरशायर की वापसी लगभग नामुमकिन है।
डेब्यू मैच में जड़ा था शतक-
मुरली विजय ने एसेक्स के लिए खेलते हुए नॉटिंघमशायर के खिलाफ दूसरी पारी में 181 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौकों के साथ 100 रन की पारी खेली थी। इससे पहले इसी मैच की पहली पारी में में विजय ने 95 गेंदों में 9 चौकों के साथ 56 रनों की पारी खेली थी। यह विजय का काउंटी क्रिकेट में डेब्यू मैच था। काउंटी डेब्यू में शतक बनाने वाले वह दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने थे इससे पहले 2009 में ससेक्स के लिए खेलते हुए पियूष चावला ऐसा कर चुके थे। अब विजय के काउंटी क्रिकेट की पहली तीन परियों में 241 रन हो गए हैं।
Updated on:
19 Sep 2018, 8:06 AM IST
Published on:
19 Sep 2018, 8:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.