England vs India 1st Test: एक महीने पहले जिस बल्लेबाज की खराब प्रदर्शन के लिए आलोचना की जा रही उसने इंग्लैंड पहुंचते ही आलोचकों की बोलती बंद कर दी है। एक नहीं बल्कि लगातार दो शतक जड़ रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने हेंडिग्ले में टीम इंडिया की जीत की उम्मीदें बढ़ा दी है। ऋषभ पंत ने हेडिंग्ले में खेले जा रहे इंग्लैंड बनाम भारत के बीच पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ा। उन्होंने पहली पारी में 134 और दूसरी पारी में 118 रन बनाए।
इंग्लैंड में दोनों पारियों में शतक लगाने वाले पंत पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए और दुनिया के दूसरे। इससे पहले यह कारनामा सिर्फ जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर ने 2001 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किया था। पहली पारी में पंत ने 134 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने भारत को मुश्किल स्थिति से उबारते हुए 465 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा करने में मदद की। दूसरी पारी में पंत ने 118 रनों की आक्रामक पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के लगाए।
पंत की इन पारियों ने न सिर्फ उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का लोहा मनवाया, बल्कि उनकी तकनीकी मजबूती और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता को भी उजागर किया। पंत का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है, क्योंकि इंग्लैंड की पिचें तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती हैं, और वहां लंबी पारियां खेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। पंत ने न केवल इंग्लिश गेंदबाजों का डटकर सामना किया, बल्कि क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स और शोएब बशीर जैसे गेंदबाजों को अपनी आक्रामक शैली से परेशान किया। उनकी बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को मनोवैज्ञानिक बढ़त दिलाई और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को रक्षात्मक रणनीति अपनाने पर मजबूर किया।
Published on:
23 Jun 2025 09:16 pm