
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक। (Photo Credit -IANS)
Eng vs Pak Match Highlights: इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में लगातार दो जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को पल्लेकेले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 164 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे। इसके जवाब में इंग्लिशन टीम ने कप्तान हैरी ब्रूक की तूफानी शतकीय पारी के दम लक्ष्य को 8 विकेट गंवाकर पांच गेंद शेष रहते हासिल करते हुए दो विकेट से जीत दर्ज की। सबसे पहले सेमीफाइनल का टिकट पाकर ब्रूक बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोच ब्रेंडन मैकुलम ने उन्हें प्रमोट करने का खास प्लान बनाया था, जो सफल रहा।
मैच के बाद हैरी ब्रूक ने सेमीफाइनल में जगह पक्की होने पर कहा कि यह बहुत अच्छा है। हम यहां जो काम करने आए हैं, शुक्र है कि हमने वह कर लिया है। उन्हें नंबर-3 पर प्रमोट करने का फ़ैसला किसका था और यह कब लिया गया? इस पर ब्रूक ने कहा कि आज सुबह ही ब्रेंडन मैकुलम ने ये फैसला लिया था, वे ही इसके पीछे के मास्टरमाइंड हैं।
शुक्र है कि आज रात यह कामयाब हो गया। हम पावरप्ले का थोड़ा और ज़्यादा से ज़्यादा फ़ायदा उठाना चाहते थे और सब जानते हैं कि मुझे गेम को आगे ले जाने की कोशिश करना पसंद है और मैं पहली बॉल से ही ऐसा करने वाला था।
क्या उनके दिमाग में खुद को ऑर्डर में ऊपर प्रमोट करने का विचार था? इस पर ब्रूक ने कहा कि मैं भी कुछ समय से इसके बारे में सोच रहा था और यह कुछ ऐसा है जो मैं अपने करियर में आगे बढ़ते हुए करना चाहता हूं, सिर्फ इंग्लैंड और फ्रैंचाइजी क्रिकेट के लिए ही नहीं। सुबह ही बैज ने कहा कि नंबर तीन पर जाने के बारे में आपका क्या ख्याल है? पाकिस्तान आपकी फेवरेट टीम है और मैंने सोचा, चलो करते हैं।
सभी फॉर्मेट में शतक बनाने को लेकर ब्रूक ने कहा कि यह हमेशा अच्छा होता है, लेकिन मेन बात गेम जीतना है। आखिर में थोड़ी घबराहट हो गई थी। मैं बैज के साथ मजाक कर रहा था, कह रहा था कि उम्मीद है यह ओवल (भारत के ख़िलाफ़) जैसी सिचुएशन नहीं होगी। शुक्र है, हम जीत गए और सेमीफ़ाइनल में पहुंच गए।
Published on:
25 Feb 2026 08:54 am
