
शाहीन शाह अफरीदी (फोटो- IANS)
England vs Pakistan Highlights: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के 45वें मुकाबले में इंग्लैंड का पाकिस्तान के खिलाफ अजेय सिलसिला बरकरार रहा। पल्लेकल में खेले गए सुपर 8 के इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट भी कटा लिया। इस जीत के साथ सुपर 8 में इंग्लैंड के 4 अंक हो गए हैं, तो पाकिस्तान के पास सिर्फ एक अंक है। पाकिस्तान आखिरी मैच जीत भी लेता है, तो उसके 3 अंक हो पाएंगे। ऐसे में 3 अंक के साथ अंतिम 4 का टिकट हासिल करना मुश्किल लग रहा है।
पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 164 रन बनाए, जिसमें साहिबजादा फरहान ने सबसे ज्यादा 63 रन की पारी खेली। 165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने आखिरी ओवर में 8 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार शतक जड़ा और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सैम अयूब सिर्फ 7 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार हो गए। कप्तान सलमान आगा भी कुछ खास नहीं कर सके और लियम डॉसन की गेंद पर 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद साहिबजादा फरहान और बाबर आज़म ने मिलकर टीम को 70 रन के पार पहुंचाया। हालांकि 11वें ओवर में बाबर आज़म 24 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हो गए।
साहिबजादा फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 63 रन बनाए। आखिर में शादाब खान ने 11 गेंदों में ताबड़तोड़ 23 रन बनाए, लेकिन वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। इंग्लैंड के लिए लियम डॉसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन को 2-2 सफलता मिली। आदिल राशिद ने भी 1 विकेट हासिल किया।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और दोनों सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि जोस बटलर सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दोनों को शाहीन अफरीदी ने पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद हैरी ब्रूक ने एक छोर संभाला, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे और एक समय इंग्लैंड ने 58 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। इसके बाद सैम करन ने हैरी ब्रूक का साथ दिया। दूसरे छोर से ब्रूक लगातार रन बनाते रहे। बाद में विल जैक्स ने भी कप्तान का साथ निभाया।
हालांकि जब इंग्लैंड जीत की दहलीज पर पहुंच चुकी थी, तब शाहीन अफरीदी ने ब्रूक को बोल्ड कर दिया। हैरी ब्रूक ने 51 गेंदों में 100 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इस पारी ने पाकिस्तान से अकेले दम पर मैच छीन लिया। बचा हुआ काम जोफ्रा आर्चर ने आकर पूरा कर दिया और इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में 166 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और अंतिम 4 का टिकट कंफर्म कर लिया।
Updated on:
24 Feb 2026 10:50 pm
Published on:
24 Feb 2026 10:36 pm
