
बाबर आजम और सरफराज अहमद (फोटो- IANS)
England vs Pakistan Test 2026: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में बाबर आजम की टीम 2-0 से पिछड़ गई है। टीम ने अब तक 4 पारियों में एक भी बार 200 के आंकड़े को नहीं छुआ है। लीड्स टेस्ट में जहां पाकिस्तान को पारी से हार झेलनी पड़ी थी, तो लॉर्ड्स में 194 रन से शिकस्त मिली थी। जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया और बीच सीरीज से 7 खिलाड़ियों के साथ 2 कोचिंग स्टाफ को भी बाहर कर दिया। इस मामले के बाद PCB के साथ बाबर आजम भी पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों के निशाने पर आ गए हैं।
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ ने इस मामले पर बाबर आजम की चुप्पी की जमकर आलोचना की है। एक यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए लतीफ ने कहा, "मैं बाबर के रुख से काफी निराश हूं। उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए था। उनकी टीम के आधे खिलाड़ियों को निकाल दिया गया, लेकिन उन्होंने इस मामले पर एक शब्द नहीं बोला। उनकी जगह मैं होता तो ऐसी कप्तानी पर लात मार देता।"
उन्होंने आगे कहा, "इस मामले पर बाबर आजम का इस्तीफा बनता था। उनकी आधी टीम चली गई। आप एक डमी (कठपुतली) कप्तान बन गए हैं। यही फर्क होता है कप्तान और लीडर में। आप सिर्फ मुल्क में चुनाव लड़ने लायक बच गए हैं। आपकी टीम के मेंटॉर को निकाल दिया गया, जिसने अपनी कप्तानी में इकलौती चैंपियंस ट्रॉफी जिताई है। आपने बॉलिंग कोच उमर गुल को निकाल दिया, जिसने टी20 वर्ल्ड कप 2009 का खिताब जिताया था। इसके बावजूद आपने एक शब्द नहीं बोला। आपकी आधी टीम चली गई, मतलब आप बिना हथियार के लड़ने जा रहे हो। इससे अच्छा तो आप हार जाओ, लेकिन ऐसे कप्तान का कोई फायदा नहीं।"
बाबर आजम के अलावा PCB प्रमुख मोहसिन नकवी की भी जमकर आलोचना हो रही है। नकवी की टीम ने जिस तरह से अचानक 7 खिलाड़ियों को बीच दौरे से बाहर किया, उसको लेकर दिग्गज क्रिकेटर काफी नाराज हैं। उनका कहना है कि सीरीज में एक मैच बचा है। इसके बाद ये फैसले लिए जा सकते थे। बीच सीरीज में इस तरह के फैसले खिलाड़ियों के साथ-साथ देश के लिए भी अच्छे नहीं हैं।
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला बर्मिंघम में खेला जाएगा, जो 9 सितंबर से शुरू होगा। पाकिस्तान 2018 से सेना कंट्री में अब तक 18 मैच खेल चुकी है और 16 में उसे हार झेलनी पड़ी है।
Updated on:
01 Sept 2026 03:11 pm
Published on:
01 Sept 2026 03:10 pm
