
मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार (फोटो- BCCI Domestic)
Duleep Trophy 2026 Semi Final Update: बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड वन में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल की दूसरी पारी में सेंट्रल जोन की टीम 158 रन पर ढेर हो गई है। इस पारी के लिए मुकेश कुमार और मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी की। सेंट्रल जोन ने अपनी पहली पारी में 266 रन बनाए थे, जिसमें आर्यन जुयाल ने 46, रिंकू सिंह ने 60 रनों की बेहतरीन पारियां खेली थीं। इसके अलावा हर्ष दुबे और यश राठौड़ ने 27-27 रनों का योगदान दिया था। आखिर में यश ठाकुर ने छह चौकों की मदद से 26 गेंदों में 30 रन बनाए थे, जिससे टीम 266 रन तक पहुंचने में सफल रही। इस पारी के लिए मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने तीन-तीन विकेट चटकाए थे, तो मोहम्मद शमी और मोहम्मद कुरैशी को दो-दो विकेट मिले।
सेंट्रल जोन ने सिर्फ 125 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन बाद के बल्लेबाजों की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। ईस्ट जोन ने धमाकेदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 161 रन जोड़ दिए। वैभव सूर्यवंशी 81 गेंदों में 7 चौके और 7 छक्कों की मदद से 92 रन बनाकर आउट हुए, तो अभिमन्यु ईश्वरन 69 रन बनाकर आउट हुए। दोनों के आउट होने के बाद टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और अगले 104 रनों में ही ढेर हो गई। ईस्ट जोन ने भी 266 रन बनाए, इसलिए एक पारी के बाद मैच दोबारा वहीं पहुंच गया, जहां से शुरू हुआ था।
सेंट्रल जोन की दूसरी पारी में अमन मुखड़े ने 41, जबकि अरशद खान ने दसवें नंबर पर आकर 25 रन बनाए, जो टीम के दूसरे सबसे हाई स्कोरर साबित हुए। इसके अलावा हर्ष दुबे ने फिर से 24 और रिंकू सिंह ने 10 रन की पारी खेली। टीम के छह बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके।
मुकेश कुमार ने चार विकेट चटकाए, तो मोहम्मद शमी ने 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा अभिजीत सरकार, अनुकूल रॉय और मोहम्मद कुरैशी ने एक-एक विकेट चटकाए। अब ईस्ट जोन को इस मुकाबले को जीतने के लिए 159 रन बनाने हैं। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी, जहां उसका सामना साउथ जोन या नॉर्थ जोन से होगा।
Updated on:
01 Sept 2026 01:30 pm
Published on:
01 Sept 2026 01:29 pm
