
Haris Rauf on Viral Fight Video: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज हारिस रउफ ने वायरल वीडियो पर अपना पक्ष रखा है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें वह अपनी वाइफ मुनजा मसूद के साथ नजर आ रहे हैं लेकिन अचानक वह एक शख्स को मारने के लिए दौड़ पड़ते हैं। इस दौरान उनकी वाइफ उन्हें रोकने की कोशिश भी करती हैं लेकिन वह उन्हें धक्का दे देते हैं और इतने आवेश में भरे होते हैं कि वह अपना चप्पल तक छोड़ देते हैं और छाड़ियों के बीच में से उस शख्स पर लपक पड़ते हैं।
हारिस रउफ की यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस वीडियो में वह अपनी वाइफ मुनजा मसूद के साथ वॉक करते हुए देखे जा सकते हैं। फिर अचानक वह अपनी वाइफ का हाथ छुड़ाकर भागने लगते हैं। मुनजा उन्हें रोकने की कोशिश करती हैं लेकिन वह उन्हें धक्का देते हैं और चप्पल छोड़ दौड़ जाते हैं। वीडियो में एक फैन की बात उन्हें बुरी लग जाती है, जिसके वह मारने के लिए दौड़ जाते हैं। इसके बाद वह 2-3 शख्स के साथ उलझते हुए नजर आते हैं। इस मामले पर हारिस ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा है।
हारिस ने लिखा, "मैंने सोचा था कि इस बात को सोशल मीडिया पर नहीं आने दूंगा लेकिन जब यह वीडियो सबके सामने आ ही चुकी है तो उस स्थिति की सच्चाई बताना जरूरी समझता हूं। हम पब्लिक फिगर हैं और अलग अलग तरह की बातें सुननी पड़ती है। वे हमारी आलोचना और सराहना करने के लिए आजाद हैं लेकिन जब बात हमारे माता-पिता और परिवार पर आएगी तो मैं उसी की भाषा में जवाब देने से नहीं कतराऊंगा। आप खिलाड़ियों के काम की आलोचना कीजिए परिवार की नहीं।"
Published on:
18 Jun 2024 05:58 pm
