
तीन दिग्गज, तीन गेंद, काम तमाम: क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी हैट्रिक!
नई दिल्ली।नेटवेस्ट टी 20 ब्लास्ट में दो रात पहले इन दो टीमों ने रनों का अम्बार लगा दिया था लेकिन उसी मैदान पर काउंटी चैंपियनशिप के मुकाबले में उन्ही दो टीमों- यॉर्कशायर और लैंकशायर के बीच पहले ही दिन 20 विकेट गिरे। 22 जुलाई को हुए इस मैच को एक खिलाड़ी कभी भी नहीं भूल सकेगा। लैंकशायर के जॉर्डन क्लार्क ने इस मैच में हैट्रिक झटकी, यह हैट्रिक आम नहीं थी क्योंकि इसमें विश्व के तीन सबसे उम्दा बल्लेबाज शामिल थे। तीनों ही खिलाड़ी पिछले कुछ समय से जबरदस्त फॉर्म में हैं। क्लार्क के प्रदर्शन से लैंकशायर ने यॉर्कशायर को 192 रनों के स्कोर पर ऑल आउट कर दिया लेकिन खुद और भी छोटे स्कोर(109) पर ऑल आउट हो गए।
जॉर्डन की हैट्रिक
27 साल के गेंदबाज ने ऐसा कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि वह हैट्रिक लेंगे और उसमे यह तीन बल्लेबाज शामिल होंगे। क्लार्क की इस हैट्रिक में इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रुट, न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन और इस साल ODI क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले जॉनी बेयरस्टो शामिल हैं। उन्होंने पहले जो रुट को एलबीडबल्यू आउट किया इसके बाद केन विलियमसन को भी एलबीडबल्यू आउट किया। तीसरी गेंद पर उन्होंने जॉनी बेयरस्टो को कीपर के हाथों कैच आउट कराया। उन्होंने मैच में करियर बेस्ट गेंदबाजी करते हुए 58 रन देकर 5 विकेट झटके।
लड़खड़ाई लैंकशायर
लैंकशायर ने मजबूत शुरुआत की, दोनों ही सलामी बल्लेबाजों ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। 46 रन के स्कोर पर कोई भी विकेट नहीं खोने के बाद टीम 109 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई । बेन कोएड ने कम अंतराल पर तीन विकेट झटककर लैंकशायर को सस्ते में निपटा दिया। इस पारी में चार बल्लेबाज जीरो के स्कोर पर आउट हुए और चार बल्लेबाज 9 से कम रनों पर। एलेक्स डेविस ने 51 रनों की पारी खेली। इन दोनों टीमों के बीच हुए T20 ब्लास्ट मैच के हीरो लियाम लिविंगस्टोन फील्डिंग के दौरान लगी चोट के कारन मैदान पर नहीं उतर सके।
जेम्स एंडरसन को मिली मैच प्रैक्टिस
भारत के खिलाफ एक अगस्त को होने वाले टेस्ट से पहले जेम्स एंडरसन को मैच प्रैक्टिस मिल गई। उन्होंने मैच में लैंकशायर की ओर से 13 ओवर गेंदबाजी की और फॉर्म में चल रहे एडम लिथ(70) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। यॉर्कशायर ने पहली इनिंग के बाद मैच में 83 रनों की लीड ले ली है जोकि मैच जीतने में निर्णायक साबित हो सकती है।
Published on:
23 Jul 2018 09:42 am
