
55 गेंदों में 124 रन: कप्तान राशिद खान के इस बल्लेबाज ने विपक्षी टीम के भर दिया भूसा, पारी में जड़े 12 चौके-9 छक्के
नई दिल्ली।अफगानिस्तान प्रीमियर लीग 2018 में छक्के-चौकों की बरसात जारी है। मंगलवार को काबुल जवानन की टीम ने नांगरहर लैपर्ड्स द्वारा खड़े किए गए 188 रनों के बड़े स्कोर को मात्र 17.5 ओवर में आसानी से चेस कर लिया। बड़े स्कोर का पीछा करने को काबुल की टीम को खास पारी की जरुरत थी और उनके लिए यह पारी खेली सलामी बल्लेबाज हजरतुल्लाह जजई ने। जजई ने तूफानी शतकीय पारी खेल टीम को यह मैच 7 विकेट के बड़े अंतर से 13 गेंद रहते जिता दिया। राशिद खान की कप्तानी वाली काबुल 3 मैचों में 2 मैच जीत अंक तालिका में 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
जजई का तूफानी शतक-
जजई ने 55 गेंदों का सामना करते हुए 9 छक्के और 12 चौकों की मदद से 124 रनों की पारी खेली। जजई ने 50 रन मात्र 17 गेंदों में पूरे कर लिए थे। जजई का शतक 44 गेंदों में 12 चौकों और 6 छक्कों की मदद से पूरा हुआ। यह उनका पहला T20 शतक है। उन्होंने पहले ही ओवर में मुजीब उर रहमान की गेंद पर 1 छक्के और 1 चौके की मदद से 13 रन बटोरे। पूरे मैच में मिस्ट्री स्पिनर मुजीब जजई की तूफानी बल्लेबाजी का शिकार बने। जजई 178 रन के स्कोर पर काबुल के तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए। वह बेन कटिंग की गेंद पर कैच आउट हुए।
नांगरहर लैपर्ड्स की बल्लेबाजी-
पहले बल्लेबाजी करने उतरी नांगरहार की शुरुआत भी तूफानी रही थी। सलामी बल्लेबाजों के बीच 109 रनों की साझेदारी हुई, एश्टन डेविच ने नाबाद 94(6 छक्के-7 चौके) और नजीब ताराकाई ने 42 रनों की पारी खेली। इन दो के अलावा किसी और बल्लेबाज ने खास कुछ नहीं किया। टीम के तूफानी बल्लेबाज आंद्रे रसेल 4 गेंदों में 0 रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। कप्तान बेन कटिंग ने 12 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 18 रनों की पारी खेल टीम को 188 के स्कोर तक पहुंचाया। राशिद खान ने 4 ओवरों में 13 रन देकर 1 झटका।
काबुल की बल्लेबाजी-
पूरे मैच का आकर्षण रही हजरतुल्लाह की तूफानी शतकीय पारी के अलावा सलामी बल्लेबाज ल्यूक रोंची ने 24 गेंदों में 26 रनों की पारी खेली। टीम के बल्लेबाजों ने हजरतुल्लाह का साथ निभाते हुए धीमी पारियां खेली। जावेद अहमदी ने 18 गेंदों में 13 रनों की नाबाद पारी खेली। काबुल ने 17.5 ओवरों में 3 विकेट खो 191 रन बनाकर यह मैच 7 विकेट के अंतर से आसानी से जीत लिया।
Published on:
10 Oct 2018 08:38 am
