
2023 वनडे वर्ल्डकप चैंपियन ऑस्ट्रेलिया (फोटो-IANS)
ICC Cricket World Cup 2027: आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 से पहले ऑस्ट्रेलिया के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने आईसीसी के सामने बड़ी खास मांग रखी है। ऑस्ट्रेलियाई कोच ने कहा है कि टीमों को 15 के बजाय 17 खिलाड़ियों का स्क्वाड रखने की अनुमति दी जानी चाहिए। आईसीसी के नए टूर्नामेंट फॉर्मेट जारी होने के बाद एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने यह मांग उठाई है। आपको बता दें कि अगला वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाना है।
नए फॉर्मेट के मुताबिक अगर कोई टीम फाइनल तक पहुंचती है तो उसे 15 मैच खेलने पड़ सकते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बड़ा स्क्वाड रखने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे चोट और अलग-अलग परिस्थितियों (Playing Conditions) का टीम पर कम असर पड़ेगा।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि 2023 वनडे वर्ल्ड कप में चोटों की वजह से ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। अगर 17 खिलाड़ियों का स्क्वाड रखने की अनुमति मिलती है तो ऐसी स्थिति से बेहतर तरीके से निपटा जा सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रैविस हेड और केन विलियमसन जैसे खिलाड़ियों को चोट के कारण कुछ मुकाबले नहीं खेल पाने पड़े थे।
मैकडोनाल्ड ने कहा, "जब भी आप कोई टूर्नामेंट खेलते हैं तो आप अपने किसी भी अहम खिलाड़ी के बिना नहीं उतरना चाहते। आप चाहते हैं कि आपके सभी बेहतरीन खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध रहें।" उन्होंने कहा कि अगर 17 खिलाड़ियों को ले जाने की अनुमति मिलती है तो चयनकर्ता अपने सर्वश्रेष्ठ 17 खिलाड़ियों का चयन कर सकेंगे। इससे अगर किसी खिलाड़ी को चोट लगती है या परिस्थितियों के अनुसार प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना पड़ता है, तब भी टीम की ताकत पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
इसके अलावा उन्होंने नए फॉर्मेट पर भी सवाल उठाए। उनका मानना है कि इस फॉर्मेट में एसोसिएट देशों को बहुत कम मौके मिलेंगे और छोटी टीमों को इसका नुकसान उठाना पड़ेगा। आपको बता दें कि 2023 वनडे वर्ल्ड कप की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया इस बार भी खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। दक्षिण अफ्रीका में जब आखिरी बार वनडे वर्ल्ड कप खेला गया था, तब ऑस्ट्रेलिया ने 2003 के फाइनल में भारत को हराकर खिताब जीता था। ऐसे में इस बार उसकी नजरें न सिर्फ खिताब बचाने पर होंगी, बल्कि दक्षिण अफ्रीका में अपने पुराने इतिहास को दोहराने पर भी होंगी।
Updated on:
29 Jul 2026 01:51 pm
Published on:
29 Jul 2026 01:51 pm
