8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत-श्रीलंका की मेजबानी में इस दिन शुरू होगा वर्ल्ड कप, आईसीसी ने शेड्यूल और वेन्यू का कर दिया ऐलान

ICC Women’s ODI World Cup 2025: ICC ने भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले महिला वनडे वर्ल्ड कप के शेड्यूल और वेन्यू का ऐलान कर दिया है।

3 min read
Google source verification
india women cricketer

Indian Women Cricketer

ICC Women’s ODI World Cup 2025: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले महिला वनडे वर्ल्ड कप (Women’s ODI World Cup 2025) के शेड्यूल और वेन्यू का ऐलान कर दिया है। 30 सितंबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाले महिला वनडे वर्ल्ड के 13वें संस्करण में आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें मेजबान भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश शामिल हैं।

ये टीमें भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में पांच जगहों पर खेलेंगी। ये स्थान हैं- एम चिन्नास्वामी स्टेडियम (बेंगलुरु), एसीए स्टेडियम (गुवाहाटी), होलकर स्टेडियम (इंदौर), एसीए-वीडीसीए स्टेडियम (विशाखापत्तनम) और आर प्रेमदासा स्टेडियम (कोलंबो)। पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका की राजधानी में खेले जाएंगे।

यह भी पढ़ें- IPL 2025 Final: मुंबई इंडियंस वाली गलती करने से बचना चाहेंगी RCB और PBKS, ऐसी हो सकती है दोनों की प्लेइंग 11

2 नवंबर को होगा महिला वनडे वर्ल्ड का फाइनल

महिला वनडे वर्ल्ड कप की भारत में 12 साल बाद वापसी हो रही है। टूर्नामेंट की शुरुआत 30 सितंबर को बेंगलुरु में भारत के साथ एक धमाकेदार मुकाबले के साथ होगी। टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 29 अक्टूबर को गुवाहाटी या कोलंबो में खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल अगले दिन 30 अक्टूबर को बेंगलुरु में खेला जाएगा।

इसके बाद फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमों के पास खिताबी मुकाबले की तैयारी के लिए कम से कम दो दिन का समय होगा। महिला वनडे विश्व कप का फाइनल रविवार 2 नवंबर को बेंगलुरु या कोलंबो में आयोजित किया जाएगा।

टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में खेलने उतरेगा, जिसने 2022 में न्यूजीलैंड में हुए महिला विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को हराया था। वे टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल टीम भी हैं, जो सात बार चैंपियन बनी है।

12 जून 2026 को होगा महिला टी-20 वर्ल्ड का आगाज

इंग्लैंड में 2026 में होने वाले आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप ( ICC Women’s T20 World Cup 2026) के मुख्य कार्यक्रमों की भी मंगलवार को घोषणा की गई। टूर्नामेंट का आगाज 12 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन में मेजबान इंग्लैंड के साथ खेला जाएगा। लंदन स्थित ओवल स्टेडियम 30 जून और 2 जुलाई को दोनों सेमीफाइनल मैचों की मेजबानी करेगा, जबकि फाइनल मैच 5 जुलाई को प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।

33 मैचों वाला यह टूर्नामेंट 24 दिनों तक चलेगा, जोकि इंग्लैंड के सात स्थानों पर खेला जाएगा, जिनमें मैनचेस्टर में ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड, लीड्स में हेडिंग्ले, बर्मिंघम में एजबेस्टन, साउथेम्प्टन में द हैम्पशायर बाउल, ब्रिस्टल में ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड और लंदन में द ओवल और लॉर्ड्स शामिल हैं।

यह अब तक का सबसे बड़ा महिला टी-20 वर्ल्ड कप है, जिसमें 12 टीमें प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। मेजबान इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और गत विजेता न्यूजीलैंड सहित 8 टीमें पहले ही टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं, जबकि चार और टीमें अगले साल क्वालीफायर के जरिए उनसे जुड़ेंगी।

यह भी पढ़ें- एशिया कप टूर्नामेंट स्थगित, इस वजह से ACC ने लिया अचानक बड़ा फैसला

महिला क्रिकेट के प्रति ICC ने जताई प्रतिबद्धता

इस मौके पर आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने महिला खेल के प्रति क्रिकेट की वैश्विक संस्था की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, "प्रशंसकों ने हाल के वर्षों में महिला खेल के लिए बहुत समर्थन दिखाया है। मुझे यकीन है कि अब जब उनके पास महत्वपूर्ण तिथियां और स्थान हैं, तो वे इन शोपीस इवेंट्स के लिए योजना बनाना शुरू कर देंगे। महिला क्रिकेट हमारी दृष्टि में सबसे आगे है, और हमें विश्वास है कि ये दो आगामी टूर्नामेंट न केवल हाल के वर्षों में हमारे द्वारा बनाए गए अविश्वसनीय गति को बनाए रखेंगे, बल्कि इसे और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।"