
पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी (Photo Credit - IANS)
Imran Khan Accuses Mohsin Naqvi: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और महान क्रिकेटर इमरान खान ने मौजूदा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक पुराने वीडियो में इमरान खान ने नकवी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (PTI) की सरकार गिराने में नकवी की अहम भूमिका रही। खान ने यह भी दावा किया कि 2008 में नकवी ने एक भ्रष्टाचार मामले में नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) को 35 लाख रुपये लौटाए थे।
हाल ही में इमरान खान की बहनें उज़मा खान और अलीमा खान ने भी मोहसिन नकवी पर गंभीर आरोप लगाए थे। दोनों का कहना है कि नकवी ने उन्हें धमकी दी और कहा कि 'आसिम मुनीर शासन' जेल में इमरान खान को खत्म करना चाहता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उज़मा खान ने कहा, "मोहसिन नकवी हमें धमका रहे हैं। अगर इमरान खान या हममें से किसी के साथ कुछ भी हुआ, तो याद रखिए, हम किसी की आने वाली पीढ़ियों को भी नहीं छोड़ेंगे।"
इस बीच, 2024 में नकवी के पीसीबी प्रमुख बनने के बाद से पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता गया है। कई क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि क्रिकेट मामलों में राजनीतिक दखल ने पाकिस्तान क्रिकेट को नुकसान पहुंचाया है। नकवी की नियुक्ति के तुरंत बाद पीसीबी ने कई चौंकाने वाले फैसले लिए, जिनमें से अधिकांश टीम के खिलाफ गए।
टीम का माहौल इतना खराब हो गया कि पूर्व कोच जेसन गिलेस्पी और गैरी कर्स्टन ने प्रबंधन के अत्यधिक हस्तक्षेप से परेशान होकर अपने पद छोड़ दिए। हाल ही में एशिया कप 2025 के दौरान भी जमकर विवाद हुआ, जब भारतीय टीम ने खिताब जीतने के बाद नक़वी से ट्रॉफी लेने से इंकार करदिया,। जिसके बाद नक़वी ट्रॉफी लेकर स्टेडियम से भाग गए। वहीं, टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले नकवी के नेतृत्व वाले पीसीबी ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार किया, लेकिन यह रुख ज्यादा दिन नहीं चला और पाकिस्तान ने जल्द ही यू-टर्न ले लिया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से हार के बाद पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने मोहसिन नकवी को 'नाकाबिल' करार देते हुए तीखी आलोचना की। एबीपी न्यूज पर बातचीत में अख्तर ने कहा, "एक आदमी जिसे कुछ नहीं पता, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का चेयरमैन बन गया है, आप क्या कर सकते हैं? टीम कैसे चलेगी? आपने एक ऐसे खिलाड़ी को सुपरस्टार बना दिया है जो आपको एक भी मैच नहीं जिता सकता। दुनिया का सबसे बड़ा गुनाह है नाकाबिल और जहील आदमी को बड़ा काम देना।" अख्तर ने आगे कहा, "जब आप किसी अक्षम और अनभिज्ञ व्यक्ति को बड़ी कुर्सी देते हैं, तो वह देश और संस्था, दोनों को बर्बाद कर देता है। उदाहरण आपके सामने है, आप समझदार हैं, समझ सकते हैं।"
Published on:
18 Feb 2026 12:38 pm
