IND A vs AUS A: ऑस्ट्रेलिया ए के ख़िलाफ़ दूसरे अनाधिकृत टेस्ट मैच के पहले दिन इंडिया ए के बल्लेबाज़ ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ माइकल नेसर (चार विकेट) के सामने बेबस नज़र आए और उनकी पारी 57.1 ओवरों में सिर्फ़ 161 रनों पर सिमट गई। विकेटकीपर बल्लेबाज़ ध्रुव जुरेल को छोड़कर उन सभी खिलाड़ियों ने निराश किया जो कि पर्थ में खेले जाने वाले पहले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी टेस्ट के भारतीय एकादश में जगह बनाने के दावेदार हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा व्यक्तिगत कारणों से पहले टेस्ट में अनुपस्थित रह सकते हैं, इसलिए भारतीय टीम प्रबंधन को यशस्वी जायसवाल के लिए एक सलामी जोड़ीदार की तलाश है।