
एजबेस्टन में टीम इंडिया प्रैक्टिस के दौरान (Photo - BCCI)
IND vs ENG 1st ODI: भारतीय टीम के लिए यूनाइटेड किंगडम (UK) में पिछले तीन हफ्ते किसी बुरे सपने जैसे रहे है। पहले आयरलैंड से 2-0 और फिर इंग्लैंड से 4-0 की करारी हार ने टीम इंडिया के प्रदर्शन पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 7 मैचों में से 6 हार झेलने के बाद अब हर कोई पूछ रहा है, क्या भारतीय टीम विदेशी पिचों पर खेलने का हुनर भूल चुकी है?
अब इस सवाल का जवाब देने और खुद को साबित करने के लिए टीम इंडिया आज यानी मंगलवार (14 जुलाई) से इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का आगाज करने जा रही है। पहला मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा। अगले साल (2027 में) होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए भारत के लिए यह सीरीज बेहद अहम है, खासकर तब जब पिछले कुछ समय में श्रीलंका (SL), ऑस्ट्रेलिया (AUS) और न्यूजीलैंड (NZ) के खिलाफ वनडे में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।
कप्तान शुभमन गिल का मानना है कि यह एक नया फॉर्मेट है और टीम के पास नई शुरुआत करने का मौका है। हालांकि, कोच गौतम गंभीर और गिल के सामने सबसे बड़ी चुनौती खिलाड़ियों की चोट है। हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा चोट के कारण बाहर हैं। ऐसे में प्लेइंग इलेवन चुनना सिरदर्द बन गया है। हर्षित की जगह आए प्रिंस यादव को शायद बाहर बैठना पड़े, जबकि गुरनूर बरार या प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिल सकता है। ऑलराउंडर के रूप में शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर में से किसी एक को चुनना होगा।
इस मुश्किल घड़ी में युवाओं को हौसला देने के लिए टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है। विराट कोहली चोट के बाद वापसी कर रहे हैं, जबकि रोहित शर्मा का इंग्लैंड में शानदार रिकॉर्ड रहा है। वहीं, जसप्रीत बुमराह 2023 वर्ल्ड कप के बाद अपना पहला वनडे मैच खेलेंगे।
इस मुकाबले में रोमांच चरम पर होगा। एक तरफ भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले 5 वनडे लगातार जीते हैं, तो दूसरी तरफ इंग्लैंड ने एजबेस्टन के मैदान पर 2015 से लगातार 7 वनडे मैच जीते हैं। देखना दिलचस्प होगा कि आज किसका रिकॉर्ड टूटता है और क्या टीम इंडिया मिशन 2027 वर्ल्ड कप की शुरुआत जीत के साथ कर पाती है या नहीं।
Updated on:
14 Jul 2026 11:41 am
Published on:
14 Jul 2026 11:40 am
