
भारत के खिलाफ इंग्लैंड का रिकॉर्ड चेज (फोटो- IANS)
India vs England 2nd T20 Manchester: शनिवार को मैनचेस्टर में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 190 रन बनाए, जिसमें ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने 40+ रनों की पारियां खेलीं। इंग्लैंड ने 191 रनों के लक्ष्य को 19 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ उसने 14 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़े लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए इतिहास रच दिया। ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर इंग्लैंड ने 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले, साल 2012 में इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 178 रनों के लक्ष्य का सफल पीछा किया था। इंग्लिश टीम ने ओल्ड ट्रैफर्ड में अपने दमदार रिकॉर्ड को भी बरकरार रखा। टीम ने इस मैदान पर लगातार चौथी जीत दर्ज की।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। फिल सॉल्ट को अर्शदीप सिंह ने बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। वहीं, जोस बटलर को भी अर्शदीप ने शून्य पर आउट किया। एक रन के स्कोर पर 2 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही इंग्लिश टीम की पारी को कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने संभाला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 50 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई।
ब्रूक ने सिर्फ 15 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 39 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, बेथेल ने महज 46 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 76 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 165.21 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 5 चौके और 5 छक्के लगाए। वहीं, टॉम बैंटन ने अंत के ओवरों में 32 गेंदों में 39 रनों की अहम पारी खेली। विल जैक्स (9 रन) और सैम करन (7 रन) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। जोफ्रा आर्चर 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले, भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा (43 रन), ईशान किशन (49 रन) और कप्तान श्रेयस अय्यर (37 रन) की आतिशी पारियों के बूते 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 190 रन लगाए। तिलक वर्मा ने 11 गेंदों में 24 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि 15 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने 14 रनों का योगदान दिया।
Updated on:
05 Jul 2026 10:38 am
Published on:
05 Jul 2026 10:38 am
