
रोहित शर्मा (फोटो- IANS)
India vs England Lords ODI Match Update: भारत और इंग्लैंड के वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला रविवार को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। इस मुकाबले में सबकी नजरे रोहित शर्मा पर रहने वाली हैं, जो इस सीरीज में अब तक कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। पहले 2 मैचों में सिर्फ 37 रन बनाने वाले इस बल्लेबाज को लेकर कई तरह की अकटलें भी चल रहीं हैं। मैच से पहले टीम इंडिया के बॉलिंग कोच ने रोहित शर्मा के इंग्लैंड में रन न बना पाने की बड़ी वजह बताई।
तीसरे और आखिरी वनडे से पहले टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने रोहित शर्मा पर भरोसा जताया और कहा कि अनुभवी ओपनर के पास खराब फॉर्म से उबरने की क्षमता है और उनकी फॉर्म लेकर कोई चिंता या परेशानी नहीं है। रोहित शर्मा पहले वनडे में 11 रन बनाकर आउट हो गए थे तो दूसरे मैच में सिर्फ 26 रन बना पाए थे। इसके बाद ये अटकलें लगाई जाने लगीं कि वह लॉर्ड्स में खेले जाने वाले मैच के बाद वनडे फॉर्मेट से भी संन्यास ले लेंगे।
रोहित ने पिछली 8 वनडे पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि रविवार का मैच रोहित का आखिरी वनडे हो सकता है। सैकिया ने कहा कि रोहित शर्मा टीम इंडिया की योजनाओं का अहम हिस्सा बने हुए हैं। इस फॉर्मेट से उनके संन्यास को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।
लॉर्ड्स में होने वाले निर्णायक मैच से पहले मीडिया से बात करते हुए मोर्केल ने कहा कि इंग्लैंड की मुश्किल परिस्थितियों ने टॉप-ऑर्डर के बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं और उन्हें भरोसा है कि रोहित अपनी लय वापस पा लेंगे। उन्होंने कहा, "जैसा कि मैंने पहले कहा, नई गेंद का सामना करना मुश्किल काम है। हमने पूरी सीरीज में देखा है कि गेंद स्विंग हो रही है। इसलिए शुरुआत में बल्लेबाजी करना आसान नहीं है। इसमें कोई शक नहीं कि रोहित इसका समाधान निकाल लेंगे।"
साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि रोहित का अपार अनुभव और शांत स्वभाव उन्हें भारत की बल्लेबाजी लाइन-अप का एक बेहद अहम सदस्य बनाता है। मोर्केल ने कहा, "उन्होंने पहले भी ऐसा किया है। रोहित अनुभवी हैं। जिस तरह से वह खेल रहे हैं, उसे लेकर कोई चिंता या परेशानी नहीं है।"
भारत के सबसे बेहतरीन वनडे बल्लेबाजों में से एक, रोहित ने इस फॉर्मेट में 11,700 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल तक भारत के सफर में अहम भूमिका निभाई थी और टीम को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब भी जिताया। फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। ऐसे में दोनों टीमें अंतिम मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाना चाहेंगी।
Updated on:
19 Jul 2026 07:33 am
Published on:
19 Jul 2026 07:33 am
