
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)
India vs England 2nd T20 Highlights: मैनचेस्टर में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 190 रन बनाए। 191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। एक समय इंग्लैंड ने सिर्फ 1 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद 51 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम के तीन बड़े बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे, जिसमें फिल सॉल्ट, जोस बटलर और हैरी ब्रूक शामिल थे। यहां से भारत की जीत आसान लग रही थी। लेकिन रवि बिश्नोई के एक ओवर में मैच का रुख पलट दिया और टीम इंडिया मुकाबला हार गई।
मुकाबले में 191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 15 ओवर तक 4 विकेट गंवाकर 132 रन बना लिए थे और उसके 4 बड़े बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। भले ही भारत को अब तक ज्यादा विकेट नहीं मिले, लेकिन मैच पूरी तरह उसके पक्ष में था। इस दौरान जैकब बेथेल 33 गेंदों में 37 रन बनाकर क्रीज पर थे और उनका साथ विल जैक्स दे रहे थे।
अगले ओवर यानी 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने विल जैक्स को भी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद इसी ओवर में सैम करन और जैकब बेथेल ने दो चौके लगाए, जिससे 16 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 5 विकेट पर 142 रन हो गया। यहां तक भी मैच भारत के पक्ष में ही लग रहा था। अब इंग्लैंड को जीत के लिए 24 गेंदों में 49 रन की जरूरत थी।
लेकिन 17वें ओवर में भारतीय टीम के लिए खेल बिगाड़ दिया रवि बिश्नोई ने, जिन्होंने एक ही ओवर में 29 रन खर्च कर दिए। इसके बाद अगले तीन ओवर में इंग्लैंड के सामने सिर्फ 20 रन का लक्ष्य था। रवि बिश्नोई के उस ओवर में तीन छक्के, एक चौका, दो सिंगल और दो डबल आए। रवि बिश्नोई इस मुकाबले में टी20 इंटरनेशनल के एक ओवर में सबसे ज्यादा रन देने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए। इससे पहले शिवम दुबे ने 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक ओवर में 34 रन खर्च किए थे, जबकि स्टुअर्ट बिन्नी ने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक ओवर में 32 रन दिए थे। इन दोनों मुकाबलों में भी भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद 18वें ओवर में हर्षित राणा की दूसरी ही गेंद पर जैकब बेथेल ने छक्का जड़ दिया। 17वें ओवर में आए 29 रन ने इंग्लैंड का काम बेहद आसान कर दिया। इसके बाद जैकब बेथेल ने जोफ्रा आर्चर के साथ मिलकर इंग्लैंड को 19वें ओवर में ही जीत दिला दी।
Updated on:
05 Jul 2026 08:43 am
Published on:
05 Jul 2026 08:43 am
