
Champions Trophy 2025 Final Pitch Report: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताबी मुकाबला आज रविवार 9 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच यूएई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को जीतने के लिए दोनों ही टीमें नेट पर जमकर पसीना बहा रही हैं। टूर्नामेंट में जीत के रथ पर सवार रोहित शर्मा की अगुवाई में मेन इन ब्लू अपना तीसरा खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। वहीं, मिचेल सेंटनर की अगुवाई वाली कीवी टीम को 25 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब की तलाश होगी। इस अहम मुकाबले से पहले यह जानना जरूरी है कि दुबई की पिच पर बल्लेबाज रनों की बारिश करेंगे या फिर गेंदबाज विकेटों की झड़ी लगाएंगे। आइये जानते हैं दुबई की पिच रिपोर्ट।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल के लिए उसी पिच का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसका उपयोग 23 फरवरी को भारत बनाम पाकिस्तान के ग्रुप ए स्टेज मैच के लिए किया गया था। ये विकेट भी अधिकांश पिचों की तरह धीमा होने की उम्मीद है, जिस पर स्पिनरों को निश्चित रूप से मदद मिलेगी। भारतीय टीम को इस विकेट पर कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि वह इससे पूरी तरह वाकिफ है।
उस मैच में पाकिस्तान ने बल्लेबाजी करने का विकल्प चुना था और खुद को भारतीय गेंदबाजों के दबाव में पाया था। उस मैच में भारतीय स्पिनरों कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा ने मिलकर पांच विकेट चटकाए थे। उस मैच में वरुण चक्रवर्ती नहीं खेले थे। इसके बाद अगले ही मैच में वरुण ने पांच विकेट हॉल अपने नाम किया था। उम्मीद है कि स्पिनरों के मददगार इस विकेट पर वरुण धमाल मचाएंगे। चक्रवर्ती के शानदार फॉर्म और जडेजा, कुलदीप और अक्षर के स्पिन आक्रमण को देखते हुए भारतीय टीम रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले से पहले आत्मविश्वास से लबरेज होगी।
दुबई की पिचों ने बल्लेबाजों की तुलना में गेंदबाजों को अधिक मदद की है। दुबई में अब तक चार मैचों में औसत स्कोर 246 है, जिसमें भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की ओर बनाया गया 264 रन पहली पारी का सर्वोच्च स्कोर है। भारत ने 49वें ओवर में छह विकेट खोकर उस लक्ष्य को हासिल कर लिया था। वहीं, पाकिस्तान में खेले गए 10 मैचों में औसत स्कोर 295 रहा है।
बता दें कि दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में कुल 10 पिचें हैं, जिनका प्रबंधन ऑस्ट्रेलिया के क्यूरेटर मैथ्यू सैंडरी कर रहे हैं। ये सभी विकेट धीमे और स्पिनरों के मददगार यानि एक-दूसरे से काफी हद तक मिलते-जुलते हैं। चैंपियंस ट्रॉफी में अब तक चार अलग-अलग पिचों का इस्तेमाल किया है। वहीं, फाइनल के लिए उनमें से एक पिच का फिर से इस्तेमाल किया जा रहा है।
Updated on:
9 Mar 2025, 7:44 AM IST
Published on:
8 Mar 2025, 12:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.