
रवि शास्त्री के बयान पर अश्विन का पलटवार, राहुल द्रविड़ को ब्रेक देने को लेकर किया खुलासा।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड 2022 की समाप्ति के बाद टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को आराम देने के मामले में शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री द्वारा राहुल द्रविड़ के नेतृत्व वाले कोचिंग स्टाफ को न्यूजीलैंड दौरे से आराम देने की आलोचना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। टीम इंडिया के स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अब राहुल द्रविड़ के बचाव में उतर आए हैं। अश्विन ने रवि शास्त्री के सवालों का जवाब देते हुए अपने यू-ट्यूब चैनल पर वीवीएस लक्ष्मण को कोच बनाए जाने की वजह का खुलासा किया है।
बता दें कि भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल द्रविड़ को आराम दिए जाने पर सवाले उठाते हुए मुद्दे को गर्मा दिया था। उन्होंने कहा था कि वह ब्रेक में विश्वास नहीं करते हैं। वह अपनी टीम को समझना चाहते हैं और अपने खिलाड़ियों को भी समझना चाहते हैं। उन्होंने कहा था कि अगर ईमानदारी से कहूं तो आपको इतने ब्रेक लेने की जरूरत क्यों है? आईपीएल के दौरान आपको 2-3 महीने मिलते हैं। कोच के लिए ये समय पर्याप्त है।
अश्विन बोले- मैंने सब करीब से देखा
वहीं, अब आर अश्विन कोच राहुल द्रविड़ के बचाव में उतर आए हैं। अश्विन ने कहा है कि केवल प्लेयर्स रोहित शर्मा, विराट कोहली या केएल राहुल को आराम की आवश्यकता नहीं थी। उनके साथ सहयोगी स्टाफ को भी टी20 विश्व कप के बाद ब्रेक की आवश्यकता थी। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से कहा कि वीवीएस लक्ष्मण उस टीम के साथ न्यूजीलैंड गए हैं, जो पूरी तरह से अलग है।
द्रविड़ और उनकी टीम ने वर्ल्ड कप से पहले प्लानिंग करने से लेकर कड़ी मेहनत की थी और यह मैंने काफी करीब से देखा। द्रविड़ के पास हर मैच और टीम के लिए अलग प्लान थे। इसलिए वह मानसिक के साथ शारीरिक रूप से थके हुए थे। इस कारण सभी को ब्रेक की जरूरत थी। न्यूजीलैंड सीरीज खत्म ही हम बांग्लादेश के दौरे पर जाएंगे। वहां लक्ष्मण नहीं होगें।
यह भी पढ़े - IND vs NZ : दूसरे टी20 मैच पर भी संकट के बादल
बांग्लादेश दौरे पर लौटेंगे द्रविड़
यहां बता दें कि वीवीएस लक्ष्मण टीम के मुख्य कोच, हृषिकेश कानितकर को बल्लेबाजी कोच और साईराज बहुतुले को गेंदबाजी कोच के रूप में न्यूजीलैंड भेजा गया है। जबकि राहुल द्रविड़, विक्रम राठौड़ और पारस म्हाब्रे को आराम दिया गया है। 4 दिसंबर को शुरू होने वाले बांग्लादेश दौरे पर राहुल द्रविड़ और उनका कोचिंग स्टाफ टीम इंडिया के साथ मौजूद रहेगा।
यह भी पढ़े - धोनी ने नई कार में इन 2 क्रिकेटरों के साथ की जमकर मस्ती, देखें Video
Published on:
19 Nov 2022, 2:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.