
भारत बनाम श्रीलंका गॉल टेस्ट (फोटो- IANS)
IND vs SL 1st Test Highlights: गॉल टेस्ट में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 165 रन से हराकर दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में पहली पारी में 462 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम सिर्फ 284 रन पर ढेर हो गई थी। भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में 193 रन पर ऑल आउट हुई, तो श्रीलंका की टीम के सामने 372 रन का लक्ष्य था, लेकिन वह सिर्फ 206 रन पर ढेर हो गई। मानव सुथार ने इस मुकाबले में 10 विकेट चटकाए। उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट हासिल किए।
दूसरी पारी में श्रीलंका के लिए सोनल डीनूशा ने एक बार फिर से शानदार पारी खेली। पहली पारी में डीनूशा ने शानदार शतक जड़ा था और दूसरी पारी में वह 84 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही टीम इंडिया की जीत लगभग पक्की हो गई थी और जैसे ही पारी के 78वें ओवर में मानव सुथार ने केशरा नुवांथा को आउट किया, टीम इंडिया की जीत पर मुहर लग गई।
इस मुकाबले में अगर टीम इंडिया के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो राजस्थान के मानव सुथार ने 10 विकेट चटकाए, तो देवदत्त पडिक्कल ने 167 और 44 रन की पारियों की बदौलत मैच में कुल 211 रन बनाए। केएल राहुल ने 117 तो विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 105 रन बनाए। रवींद्र जडेजा को 4 विकेट मिले तो प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट हासिल किया। मोहम्मद सिराज ने 2 विकेट हासिल किए तो पूरे मैच में कुलदीप यादव को एक ही विकेट मिला।
इस जीत के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भारतीय टीम का जीत प्रतिशत 53.33 हो गया है। अब उनके नाम 10 मैचों में 5 जीत और 4 हार हैं। श्रीलंका की टीम का जीत प्रतिशत घटकर 33.33 रह गया है। भारतीय टीम अगर अगला मुकाबला भी जीत लेती है, तो उसका जीत प्रतिशत 57 हो जाएगा। हालांकि, दोनों की पोजीशन में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भारतीय टीम पांचवें स्थान पर बनी रहेगी, तो श्रीलंका छठे स्थान पर आएगी।
हालांकि, अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश दूसरा मुकाबला हार जाती है, तो फिर भारतीय टीम चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी। अब टीम इंडिया की पोजीशन ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट डिसाइड करेगा।
Updated on:
19 Aug 2026 01:54 pm
Published on:
19 Aug 2026 01:25 pm
