
भारत बनाम श्रीलंका कोलंबो टेस्ट (फोटो- IANS)
IND vs SL 2nd Test Day 5 Update: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में दूसरा टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है, जो रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 7 विकेट गंवाकर 330 रन से ज्यादा रन बना लिए हैं और उसके पास 121 रन की बढ़त हो चुकी है। सातवें विकेट के लिए श्रीलंका के लिए सोनल दिनुषा और केशारा नुवांथा के बीच 112 रन की साझेदारी ने टीम इंडिया की जीत को लगभग धुंधला कर दिया था, लेकिन मानव सुथार की एक गेंद ने नुवांथा का विकेट चटकाया और साथ में टीम इंडिया की जीत की उम्मीदों को भी जगा दिया।
जब सोनल दिनुषा और केशारा नुवांथा के बीच साझेदारी 100 रन की हो गई थी, तब टीम इंडिया का जीत प्रतिशत का अनुमान घटकर 10 के आसपास रह गया था। लेकिन जैसे ही केशारा आउट हुए, टीम इंडिया का जीत प्रतिशत अनुमान एक बार फिर से 40 के आसपास पहुंच गया। अब टीम इंडिया को इस मुकाबले को जीतने के लिए जल्द से जल्द बचे हुए तीन विकेट चटकाने होंगे और फिर जो भी लक्ष्य मिले, उसे चेज करना होगा।
कोलंबो टेस्ट के पांचवें दिन अभी भी 65 ओवर का खेल बचा है और अगर भारतीय टीम के सामने 150-170 रन का लक्ष्य मिलता है तो उसे 40 ओवर में आसानी से हासिल किया जा सकता है। यही वजह है कि नुवांथा के विकेट के साथ टीम इंडिया की जीत की उम्मीदें बढ़ गई हैं। खबर लिखे जाने तक सोनल क्रीज पर जमे हुए थे और उनका साथ देने प्रभात जयसूर्या आए थे।
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 503 रन पर घोषित कर दी, जिसमें देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल ने शतकीय पारी खेली, तो शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने भी अर्धशतक जमाए। श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर ढेर हो गई थी और इस तरह भारतीय टीम को 213 रन की बढ़त मिल गई थी। दूसरी पारी में श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने खेल का रुख ही बदल दिया। अब यह देखना होगा कि श्रीलंका की टीम कब तक आउट होती है और भारतीय टीम को कितने रन का लक्ष्य देती है।
Updated on:
27 Aug 2026 01:22 pm
Published on:
27 Aug 2026 01:22 pm
