
भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट (फोटो- IANS)
IND vs SL 2nd Test Rishabh Pant Audio Viral: कोलंबो टेस्ट में भारतीय टीम की जीत की उम्मीदें धीरे-धीरे धुंधली नजर आ रही हैं। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 8 विकेट गंवाकर 360 रन से ज्यादा रन बना लिए हैं। सोनल दिनुषा इस सीरीज में लगातार भारतीय गेंदबाजों को परेशान करते नजर आए हैं और वह दूसरे मुकाबले में भी जीत के बीच रोड़ा बनकर खड़े हैं। पहले टेस्ट में 180+ रन बनाने वाले सोनल दूसरे टेस्ट में उससे भी ज्यादा रन बना चुके हैं।
श्रीलंका ने 218 रन पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे, लेकिन उसके बाद से सातवें विकेट के लिए सोनल दिनुषा और केशारा नुवांथा के बीच 112 रन की पार्टनरशिप हुई, तो आठवें विकेट के लिए प्रभात जयसूर्या और सोनल ने 25 रन जोड़े। अब दिनुषा लहीरू कुमारा के साथ 10 रन की पार्टनरशिप कर चुके हैं।
खबर लिखे जाने तक दूसरे टेस्ट के आखिरी दिन खेल के 40 ओवर बाकी थे। श्रीलंका के पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर सोनल की बल्लेबाजी देख भारतीय टीम के खिलाड़ियों के कंधे झुक गए हैं और मनोबल पूरी तरह से टूटा हुआ नजर आ रहा है। इस बीच ऋषभ पंत ने उनका हौसला बढ़ाने की कोशिश की, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पंत ने कहा, "बाहर से कोई भी फील्डिंग करने के लिए नहीं आएगा। खुद थोड़ा दम लगाओ, थोड़ा सा मनोबल ऊपर करना होगा।"
आपको बता दें कि मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी की और अपनी पहली पारी 503 रन पर घोषित कर दी। उसके बाद से पहले श्रीलंका की पहली पारी को उसने सिर्फ 290 रन पर ढेर कर दिया, लेकिन दूसरी पारी में श्रीलंका ने टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब तक श्रीलंका के पास 150 से ज्यादा रन की बढ़त हो चुकी है। यहां से अगर भारतीय टीम को 200 के आसपास का लक्ष्य मिलता है तो वह टीम इंडिया के लिए मुश्किल हो सकता है। इस मुकाबले में एक समय जहां भारतीय टीम आसानी से जीत की ओर बढ़ रही थी, अब उसकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।
Updated on:
27 Aug 2026 02:36 pm
Published on:
27 Aug 2026 02:36 pm
