
भारत बनाम श्रीलंका कोलंबो टेस्ट (फोटो- IANS)
Sonal Dinusha 2nd Hundred in Colombo Test: कोलंबो टेस्ट की दूसरी पारी में सोनल दिनुषा के शतक ने मैच का रुख पूरी तरह से पलट दिया है। दूसरे टेस्ट के पहले तीन दिन टीम इंडिया का पलड़ा भारी था, लेकिन चौथे और पांचवें दिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने टीम इंडिया के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। खेल के पांचवें दिन दो सेशन में श्रीलंका ने सिर्फ दो विकेट गंवाए। सोनल दिनुषा ने शतक जड़ दिया। इस दौरान उन्होंने सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की, तो आठवें विकेट के लिए 25 और नौवें विकेट के लिए अब तक 40 से ज्यादा रन की साझेदारी कर चुके हैं।
भारतीय खिलाड़ी विकेट के लिए तरसते नजर आए और इस दौरान उन्होंने अपना सारा टोटका भी आजमा लिया। ऋषभ पंत, मोहम्मद सिराज और ध्रुव जुरेल को बीच-बीच में स्टंप्स की गिल्लियां बदलते हुए देखा गया। लेकिन यह टोटका भी सोनल दिनुषा का कुछ नहीं बिगाड़ सका।
टीम इंडिया के गेंदबाजों की बात करें तो रविंद्र जडेजा 34 ओवर डाल चुके हैं। उन्होंने दो विकेट चटकाए हैं, तो वहीं मानव सुथार ने भी 34 ओवर में 100 से ज्यादा रन दिए हैं और तीन विकेट चटकाए हैं। सारांश जैन ने तो 35 ओवर की गेंदबाजी की है, 96 रन खर्च किए और सिर्फ एक विकेट चटकाया है। वहीं प्रसिद्ध कृष्ण और मोहम्मद सिराज की भी पांचवें दिन झोली खाली रही है। कृष्ण अब तक 18 ओवर की गेंदबाजी कर चुके हैं, तो मोहम्मद सिराज 15 ओवर डाल चुके हैं। दोनों ने दूसरी पारी में एक-एक विकेट चटकाए हैं।
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 503 रन पर घोषित कर दी थी और श्रीलंका की पहली पारी को 290 रन पर समेटकर फॉलोऑन दे दिया। ऐसा लगा कि चौथे दिन ही मुकाबला खत्म हो जाएगा, लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने ऐसा डटकर खेला कि अब मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है।
दिनुषा का भारतीय टीम के खिलाफ शानदार फॉर्म जारी है। पहले मैच में भी उन्होंने एक अर्धशतक और एक शतक जड़ा था, तो दूसरे मैच की पहली पारी में भी उन्होंने शतक लगाया था और अब दूसरी पारी में भी शतक जड़ दिया है। अब इस मुकाबले में 30 ओवर का खेल लगभग बचा हुआ है और टीम इंडिया की जीत की उम्मीद न के बराबर बची है।
Updated on:
27 Aug 2026 03:53 pm
Published on:
27 Aug 2026 03:53 pm
