
गेंदबाजी का अभ्यास करते आकिब नबी। (फोटो सोर्स: एक्स@/BCCI)
IND vs SL Test Series: भारतीय टीम मैनेजमेंट और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) टेस्ट क्रिकेट में भारत को और बेहतर करना चाहते हैं। इसकी वजह से श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारतीय टीम एक तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेल रही है। लेकिन, पहले दिन ही भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की पोल खुल गई है। टीम के 3 गेंदबाज कोई विकेट हासिल नहीं कर सके, तो एक तेज गेंदबाज को गेंद ही नहीं थमाई गई। जिसे देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि आकिब नबी समेत दो गेंदबाज को शायद इस दौरे पर डेब्यू का मौका नहीं मिलेगा।
इस मैच में रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने 2-2 विकेट लिए, वहीं गुरनूर बराड़ एक विकेट हासिल कर पाए। जबकि स्टार गेंदबाज मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और सारांश जैन कोई विकेट नहीं ले पाए। सारांश ने 11 ओवर गेंदबाजी करते हुए 54 रन लुटाए। इस प्रदर्शन के बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलना मुश्किल है। सिराज ने पहले दिन 13 ओवर फेंके, जिसमें उन्होंने बगैर कोई विकेट हासिल किए 44 रन लुटाए, लेकिन सीनियर होने के नाते उनकी जगह पक्की मानी जा रही है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह टीम में शामिल हुए आकिब नबी को हाथ घुमाने का मौका नहीं मिला और वह बाकी सपोर्ट स्टाफ और नेट बॉलर्स के साथ ड्रिंक्स ड्यूटी पर बने रहे। मैनेजमेंट को जम्मू-कश्मीर के बॉलर को सीरीज से पहले वार्म-अप देने की जरूरत महसूस नहीं हुई, जिससे पता चलता है कि वे आने वाले दो मैचों के लिए क्या करना चाहते हैं?
बता दें कि गुरुवार को ही भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने सारांश की खूब तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि हमारे पास कुछ नए चेहरे आए हैं। सबसे पहले सारांश जैन को बधाई। तुमने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है। जब भी तुम्हें मौका मिले, अपने परिवार और देश को गर्व कराना। वहीं, उन्होंने आकिब नबी को बधाई देते हुए कहा था कि तुम्हारा पिछला घरेलू सीजन बहुत अच्छा रहा था। तुमने जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी जिताई, जो बड़ी उपलब्धि है।
Updated on:
07 Aug 2026 08:00 pm
Published on:
07 Aug 2026 08:00 pm
