
भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराया (Photo: IANS)
India vs Afghanistan, One-off Test: भारत ने अफगानिस्तान को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 300 रनों से करारी शिकस्त दी है। यह टेस्ट क्रिकेट में पारी के अंतर से भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। भारतीय टीम ने महज तीसरे दिन ही यह मैच अपने नाम कर लिया। यह मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं था, लिहाजा टीम को डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में कोई फायदा नहीं होगा।
भारत ने पहली पारी में 8 विकेट पर 564 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी थी। जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी तीसरे दिन 152 रनों पर सिमट गई। इससे भारत को 412 रनों की विशाल बढ़त हासिल हुई, जिसके बाद टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में भी अफगानिस्तान की बल्लेबाजी बुरी तरह फ्लॉप रही और पूरी टीम सिर्फ 112 रन ही बना सकी। टीम ने 9 विकेट गंवा दिए थे, जबकि अशरफ बल्लेबाजी के लिए उतरे ही नहीं।
दूसरी पारी में फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान को सेदिकुल्लाह अटल और अब्दुल मलिक ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। अब्दुल 8 रन बनाकर आउट हुए, तो अटल 80 गेंदों में 42 रन बनाने के बाद वॉशिंगटन सुंदर का शिकार बने।
गुरबाज दूसरी पारी में भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 24 रन बनाकर आउट हुए। पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले रहमत शाह दूसरी इनिंग में 13 रन ही बना सके। कप्तान शाहिदी 5 रन ही बना सके, तो अजमतुल्लाह उमरजई 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
विकेटकीपर-बल्लेबाज अफसर जजई 8 रन बनाकर आउट हुए, तो खरोटी सिर्फ 6 रन ही बना सके। मोहम्मद सलीम बिना खाता खोले आउट हुए और अशरफ चोटिल होने की वजह से बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने बेहतरीन गेंदबाजी रते हुए 4 विकेट अपने नाम किए, जबकि कुलदीप यादव ने 3 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार ने एक-एक विकेट चटकाया।
इससे पहले, भारत ने केएल राहुल (100 रन) और शुभमन गिल (126 रन) की शतकीय पारी के बूते पहली पारी 8 विकेट खोकर 564 रन बनाने के बाद घोषित की। साई सुदर्शन (81 रन), ऋषभ पंत (81 रन) और वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 52) ने भी अर्धशतकीय पारी खेली।
इसके जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम 152 रन बनाकर सिमट गई। टीम की तरफ से रहमत शाह ने सर्वाधिक 60 रन बनाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम ने 412 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। भारत की ओर से अपना डेब्यू मुकाबला खेल रहे मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में 37 रन देकर 6 विकेट चटकाए। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट निकाले।
Updated on:
08 Jun 2026 03:39 pm
Published on:
08 Jun 2026 03:25 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
