
India vs Australia 2nd ODI Playing 11: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुक़ाबला विशाखापत्तनम के डॉ. वाय.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए- वीडीसीए क्रिकेट मैदान में खेला जाएगा। मुंबई में खेले गए पहले मैच में हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम इस मैच को हर हाल में जीत वापसी करना चाहेगा। वहीं टेस्ट सीरीज़ के बाद अब भारतीय टीम की नज़रें इस मैच को जीत वनडे सीरीज पर भी कब्जा जमाने पर होंगी। भारतीय टीम के पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में छठी वनडे सीरीज जीतने का मौका रहेगा।
दूसरे वनडे में भारतीय टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा की वापसी होने जा रही है। पारिवारिक कारणों के चलते रोहित पहले मुक़ाबले में नहीं खेले थे। उनकी गैरमौजूदगी में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने कप्तानी की थी। ऐसे में इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन या फिर सूर्यकुमार यादव को बाहर बैठना पड़ सकता है।
भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल पारी की शुरुआत करते हुए नजर आएंगे। ऑस्ट्रेलियाई टीम में डेविड वॉर्नर की वापसी की उम्मीद है। अगर वो लौटे तो ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। वॉर्नर की वापसी पर ऑस्ट्रेलिया को अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना पड़ेगा।
भारतीय टीम ने अगर बाएं हाथ के बल्लेबाज को तवज्जो दी तो ईशान किशन मिडिल ऑर्डर में खेलते हुए नजर आएंगे। फिर भारतीय टीम का मिडिल ऑर्डर विराट कोहली, ईशान किशन, केएल राहुल और हार्दिक पांड्या के कंधों पर निर्भर होगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम का मिडिल ऑर्डर स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, मिचेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल पर निर्भर रहेगा।
भारतीय टीम में ऑलराउंडर की भूमिका रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर निभाते हुए नजर आएंगे। ऑस्ट्रेलिया में कैमरन ग्रीन और एलेक्स कैरी ऑलराउंड भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। भारतीय टीम का गेंदबाजी आक्रमण कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज पर निर्भर रहेगा। इन तीनों को पांड्या और जडेजा का साथ मिलेगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम के गेंदबाजी आक्रमण की बागडोर एडम जंपा, शॉन एबट और मिचेल स्टार्क संभालेंगे। इन्हें ग्रीन, मैक्सवेल, मिचेल मार्श का साथ मिलेगा।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, उमरान मलिक, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: ट्रेविस हेड. मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ (कप्तान), मार्नश लाबुशेन, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, कैमरून ग्रीन, मार्कस स्टोइनिस, सीन एबॉट, मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा।
Published on:
19 Mar 2023 12:14 pm
