
महिला क्रिकेट : मैच जीत कर मुंबई में ही सीरीज पर कब्जा जमाना चाहेगी टीम इंडिया
मुंबई : इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को खेले गए पहले मैच में 66 रन से शानदार जीत हासिल की थी। इससे उत्साहित टीम इंडिया सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले दूसरे वनडे उतरेगी। आत्मविश्वास से भरी टीम इंडिया इसी मैच में जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार वनडे सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। भारत ने हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे पर 2-1 से वनडे सीरीज अपने नाम की थी। अगर वह यहां वनडे सीरीज जीत लेती है तो लगातार दूसरा सीरीज होगा, जिसमें टीम इंडिया जीतेगी।
मध्यक्रम को भी देना होगा शीर्षक्रम का साथ
पहले मैच में जेम्मिाह रोड्रिगेज और कप्तान मिताली राज ने क्रमश : 48 और 44 रन की पारी खेली थी। लेकिन टीम का मध्यक्रम फ्लॉप रहा था। दूसरे मैच में उन्हें भी अपना प्रदर्शन उठाना होगा। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने पिछले मैच में 24 रन बनाए थे और अब वह बड़ा स्कोर करना चाहेगी।
भारतीय गेंदबाज हैं फॉर्म में
गेंदबाजी में बाएं हाथ की लेग स्पिनर एकता बिष्ट ने पिछले मैच में 25 रन देकर चार विकेट लेकर इंग्लैंड को झकझोर दिया था। वह इसी प्रदर्शन को बनाए रखना चाहेंगी। उनके अलावा लेग स्पिनर पूनम यादव और आफ स्पिनर दीप्ति शर्मा, अनुभवी झूलन गोस्वामी और शिखा पांडेय भी टीम इंडिया को मजबूती देने के लिए तैयार हैं।
इंग्लैंड की टीम भी लगाएगी जोर
दूसरी तरफ पहले मैच में बल्लेबाजों के विफल रहने के बाद इंग्लैंड की टीम इस मैच में वापसी के लिए वह अपना पूरा जोर लगा देगी। सीरीज में बने रहने के लिए इंग्लैंड को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। हालांकि इसके लिए टीम के सामने भारत की स्पिन तिकड़ी से निपटने की बड़ी चुनौती होगी। नटाली शिवर ने पहले मैच में सबसे ज्यादा 44 और कप्तान हीथर नाइट ने नाबाद 39 रन बनाए थे। लेकिन टीम की बाकी बल्लेबाजों से उन्हें साथ नहीं मिला था। कप्तान को इस बार बाकी खिलाड़ियों से भी सहयोग मिलने की उम्मीद है।
इंग्लैंड की भी गेंदबाजी रही अच्छी
गेंदबाजी विभाग में मेहमान टीम का प्रदर्शन भी कमतर नहीं रहा था। स्काइवर, सोफी एक्सेलस्टोन, जॉर्जिया एलवेस और अनुभवी तेज गेंदबाज आन्या श्रुबसोल ने टीम इंडिया पर अंकुश लगाए रखा था।
संभावित दोनों टीमें-
भारत : मिताली राज (कप्तान), झूलन गोस्वामी, स्मृति मंधाना, जेम्मिाह रोड्रिगेज, दीप्ति शर्मा, तान्या भाटिया, रवि कल्पना, मोना मेश्राम, एकता बिष्ट, राजेश्वरी गायकवाड़, पूनम यादव, शिखा पांडेय, मानसी जोशी, पूनम राउत और हर्लीन देओल।
इंग्लैंड : हीथर नाइट (कप्तान), टैमी ब्युमोंट, कैथरीन ब्रंट, केट क्रास, सोफिया डंक्ले, सोफी एकलेस्टोन, जार्जिया एल्विस, एलेक्स हार्टले, एमी जोन्स, लारा मार्श, नैट शिवर, आन्या श्रब्सूले, साराह टेलर, लारेन विनफील्ड और डेनी वाट।
Published on:
24 Feb 2019 05:54 pm
