
भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)
India W vs Pakistan W T20 Update: वूमेंस एशिया कप 2026 के 7वें मुकाबले में हांगकांग को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना चुकी टीम इंडिया ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच पाकिस्तान से खेलेगी। यह मुकाबला 5 सितंबर को खेला जाएगा, जो हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी के लिए औपचारिकता मात्र है। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि बेंच पर बैठी खिलाड़ियों को कप्तान मौका दे सकती हैं, लेकिन हरमन ने इससे साफ इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि आखिरी फैसला लेने के लिए अभी एक दिन का समय है।
हांगकांग के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद हरमनप्रीत कौर ने कहा, "स्मृति और शेफाली ने अच्छी बल्लेबाजी की। इसीलिए हम इन परिस्थितियों से अभ्यस्त होने के लिए पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। आज की पिच पिछले गेम की तुलना में बेहतर थी, लेकिन यह सब पिच पर कुछ समय बिताने और इन परिस्थितियों से अभ्यस्त होने के बारे में है, क्योंकि हम इन परिस्थितियों से अवगत नहीं हैं। फिर भी, एक टीम के तौर पर हम जो चाहते थे कि हम 200 के करीब स्कोर बनाए, उसमें सफल रहे। बाद में गेंदबाजों ने बहुत अच्छा काम किया।"
सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने के बाद टीम में बदलाव के बारे में बात करते हुए कप्तान ने कहा, "टीम काफी हद तक तय है, लेकिन इस पर फैसला लेने के लिए एक दिन का समय बचा है। फिलहाल, प्लेइंग 11 काफी हद तक तय है।" हरमनप्रीत ने संकेत दिया कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं होने वाला है, लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो वह बदलाव करने से पीछे भी नहीं हटेंगी।
वूमेंस एशिया कप 2026 में 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें टीम इंडिया को अंतिम 4 का टिकट मिल चुका है। ग्रुप A से पाकिस्तान के भी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें ज्यादा हैं। इसके अलावा ग्रुप B से श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें अंतिम 4 में जगह बना सकती हैं। फिलहाल पाकिस्तान 1 मैच जीतकर भारत के बाद अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, तो ग्रुप B में श्रीलंका 2 मैच जीतकर पहले और बांग्लादेश एक मैच जीतकर दूसरे स्थान पर है।
Updated on:
04 Sept 2026 10:49 am
Published on:
04 Sept 2026 10:49 am
