
India vs South Africa: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 4 टी-20 मैचों की सीरीज 8 नवंबर 2024 से शुरू होने जा रही है। दोनों टीमों के बीच पहला मैच 8 नवंबर को डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेला जाएगा। दूसरा मैच 10 नवंबर को गकेबेहरा के सेंट जार्ज पार्क, तीसरा टी-20 मैच 13 नवंबर को सेंचुरियन के सुपर स्पोर्ट्स पार्क और चौथा टी-20 जोहान्सबर्ग के वांडर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच आखिरी बार भिड़ंत आईसीसी मेंस T20 वर्ल्ड कप फाइनल में हुई थी, जिसे भारत ने 7 विकेट से जीता था। अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम आगामी टी-20 सीरीज में भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत के लय को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी, वहीं मेजबान टीम घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाते हुए दबदबा बनाए रखना चाहेगी। इस सीरीज के दौरान कई रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है, आइए इस पर डालते हैं नजर:
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास रोहित शर्मा के इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका है। दरअसल, रोहित शर्मा ने 18 मैच में 429 रन बनाए है वहीं, सूर्य कुमार ने 7 मैचों में 346 रन बनाए हैं। सूर्य कुमार यादव महज 84 रन बनाकर रोहित शर्मा के इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। वैसे भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मुकाबले में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड डेविड मिलर (21 मैच में 452 रन) के नाम है।
यदि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव सीरीज के दौरान 156 रन बना लेते हैं तो T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने के इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 16 T20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जॉनी बेयरस्टो ने 501 रन बनाए हैं।
मार्च 2021 में T20 अंतरराष्ट्रीय मैच में डेब्यू करने वाले धाकड़ भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अब तक 74 मैचों में 144 छक्के लगाए हैं। आप यदि सूर्यकुमार यादव दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा T20 सीरीज में छह छक्के लगा देते हैं तो 150 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले रोहित शर्मा (205) और मार्टिन गुप्तिल (173) के बाद वह तीसरे क्रिकेटर बन जाएंगे।
अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या दोनों के नाम T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 87-87 विकेट हैं। वे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली सीरीज़ में भारत के लिए खेलेंगे। अगर वे आगामी चार मैचों में कम से कम 10 विकेट लेने में सफल हो जाते हैं, तो वे युजवेंद्र चहल के 96 विकेट के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे और T20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे। अगर हार्दिक या अर्शदीप 13 बल्लेबाजो को आउट करते हैं तो वे भारत के लिए T20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
डेविड मिलर को क्विंटन डी कॉक के 2584 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने और खेल के सबसे छोटे प्रारूप में दक्षिण अफ्रीका के सर्वाधिक रन बनाने वाले क्रिकेटर बनने के लिए भारत के खिलाफ चार मैचों में 189 रनों की आवश्यकता है। डेविड मिलर के नाम 122 मैचों में 2396 रन हैं।
Updated on:
8 Nov 2024, 3:27 PM IST
Published on:
8 Nov 2024, 3:23 PM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.