
हार्दिक पंड्या (फोटो- IANS)
Mumbai Indian Players Awarded: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 13वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। यह टूर्नामेंट में उनकी लगातार दूसरी हार है। बारिश के कारण 20 ओवर की जगह 11 ओवर का मुकाबला खेला गया, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 9 विकेट खोकर सिर्फ 130 रन ही बना सकी और 27 रन से मैच हार गई।
इस हार के बाद राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाजों की दुनिया भर में चर्चा हो रही है। वहीं दूसरी ओर मुंबई इंडियंस के फैंस निराश जरूर हैं, लेकिन टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल उतना खराब नहीं दिखा। हार के बाद भी ड्रेसिंग रूम में बेस्ट फील्डर और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। हालांकि यह हर मैच के बाद होता है, भले टीम हारे या जीते।
हार्दिक पंड्या को शानदार गेंदबाजी के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने 2 ओवर में सिर्फ 17 रन दिए और उनका इकॉनमी रेट 8.50 का रहा। वहीं ट्रेंट बोल्ट ने एक ओवर में 22 रन लुटाए। दीपक चाहर ने भी एक ओवर में 22 रन दिए। दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में से एक जसप्रीत बुमराह ने 3 ओवर में 32 रन खर्च किए। लेकिन इसी मैच और उसी पिच पर पंड्या सबसे किफायती साबित हुए।
वहीं शेरफेन रदरफोर्ड को शानदार बल्लेबाजी के लिए इनाम दिया गया। इसके अलावा मुंबई इंडियंस के खेमे में बेस्ट फील्डर का अवार्ड किसी खिलाड़ी को नहीं, बल्कि टीम के फील्डिंग कोच कार्ल होपकिंस को दिया गया।
आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस ने इस टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया था, जहां उन्होंने पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया था। इसके बाद उन्हें दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स से हार का सामना करना पड़ा है। अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच रविवार को शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।
Updated on:
08 Apr 2026 05:41 pm
Published on:
08 Apr 2026 05:41 pm
