
राजस्थान रॉयल्स बनाम पंजाब किंग्स (फोटो- IANS)
PBKS vs RR Head To Head in IPL: आईपीएल 2026 का 40वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में स्थित मुल्लापुर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स की टीम इस समय 8 में से 5 मैच जीतकर अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, तो वहीं पंजाब किंग्स प्लेऑफ में पहुंचने की दहलीज पर खड़ी है। 7 मैच खेलने के बावजूद पंजाब किंग्स को अब तक कोई हरा नहीं सका है, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उनके आंकड़े अच्छे नहीं हैं। ऐसे में सवाल ये है कि क्या आज पंजाब किंग्स का रुक जाएगा अजेय अभियान?
यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जिसे जियो स्टार, जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखा जा सकता है। पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि टीम दोनों विभागों में किसी एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं है। बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक, टीम का हर खिलाड़ी जरूरत पड़ने पर योगदान दे रहा है और यही वजह है कि टीम अब तक अजेय रही है।
दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स की बैटिंग लाइनअप कुछ हद तक ओपनर्स पर निर्भर कर रही है। ओपनर्स के फ्लॉप होने के बाद टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा जाती है, जबकि गेंदबाजी उनकी काफी मजबूत है। जोफ्रा आर्चर, नज़रे बर्गर और बृजेश शर्मा की तूफानी जोड़ी इस सीजन अब तक शानदार रही है। वहीं रवींद्र जडेजा ने स्पिन डिपार्टमेंट को रवि बिश्नोई के साथ मिलकर संभाल रखा है। यही वजह है कि राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन पावर प्ले में सबसे ज्यादा 20 विकेट चटकाए हैं, जबकि दूसरी ओर पंजाब किंग्स के गेंदबाज पावर प्ले में अब तक सिर्फ 8 विकेट ही ले पाए हैं।
दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने 17 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि पंजाब किंग्स 13 मैच ही जीत पाई है। ऐसे में एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स अपनी बढ़त को बरकरार रखना चाहेगी और पंजाब किंग्स के विजय रथ को रोकने की कोशिश करेगी।
इस मुकाबले में अगर पंजाब किंग्स जीत जाती है तो उसके 15 अंक हो जाएंगे, जबकि राजस्थान की जीत पर उसके 12 अंक हो जाएंगे और वह अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। आपको बता दें कि पंजाब किंग्स फिलहाल नंबर वन पर है, वहीं आरसीबी 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के 10-10 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के मामले में सनराइजर्स, राजस्थान से आगे है।
Updated on:
28 Apr 2026 04:21 pm
Published on:
28 Apr 2026 04:21 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
