
IPL 2026 PBKS vs MI: मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों के साथ श्रेयस अय्यर (फोटो- IANS)
R Ashwin Wants Change IPL Rule: आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें थोड़ी धुंधली हो गई हैं। पंजाब किंग्स को अब सीजन में दो मैच और खेलने हैं और अंतिम चार में जगह बनाने के लिए दोनों मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी। इस मुकाबले में पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने तो खराब प्रदर्शन किया ही, साथ ही एक नियम भी टीम पर भारी पड़ा, जिसकी वजह से उन्हें एक रन का नुकसान हुआ। इस फैसले के बाद पूर्व क्रिकेटर आर अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने आईपीएल के नियम को तुरंत बदलने की मांग की।
आपको बता दें कि पंजाब किंग्स की पारी की आखिरी गेंद पर विष्णु विनोद ने जसप्रीत बुमराह की गेंद को पीछे खेलने की कोशिश की, लेकिन वह चूक गए। गेंद उनके पैड पर लगी। इसके बाद बल्लेबाज ने एक रन लेने की कोशिश की और साथ में एलबीडब्ल्यू की अपील भी की गई। अंपायर ने उंगली उठा दी। रन पूरा करने के बाद बल्लेबाज ने फैसले को रिव्यू के लिए भेजा और फैसला उसके पक्ष में आया।
हालांकि पंजाब किंग्स को लेग बाय का रन नहीं मिल सका, क्योंकि अंपायर के पास मामला जाने के बाद गेंद को डेड बॉल मान लिया जाता है। इस वजह से पंजाब किंग्स को एक रन का नुकसान हुआ, जिसे लेकर अश्विन ने नियम बदलने की मांग की। उन्होंने कहा कि ठीक वैसे ही जैसे इम्पैक्ट प्लेयर नियम है, डीआरएस के फैसले को पलटने के बाद रन जोड़ने का नियम भी आईपीएल में लागू किया जाना चाहिए, भले ही आईसीसी इस नियम को लागू करने में देरी करे।
इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए। पंजाब किंग्स के लिए प्रभसिमरन सिंह ने 32 गेंद में 57 रन की पारी खेली, जबकि अजमतुल्लाह उमरजई ने 17 गेंद में चार छक्के और दो चौकों की मदद से 38 रन बनाए। मुंबई इंडियंस के लिए शार्दुल ठाकुर ने चार विकेट चटकाए, जबकि दीपक चाहर को दो सफलताएं मिलीं। जसप्रीत बुमराह इस मुकाबले में विकेट लेने में सफल नहीं रहे।
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने एक गेंद रहते 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित शर्मा ने 25 गेंद में 25 रन की पारी खेली, जबकि रयान रिकेल्टन ने 48 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 33 गेंद में 75 रन बनाकर पंजाब किंग्स के मुंह से जीत छीन ली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाए। इसके अलावा विल जैक्स ने 10 गेंद में 25 रनों की तूफानी पारी खेली।
पंजाब किंग्स के लिए अजमतुल्लाह उमरजई 2 विकेट हासिल कर सके, जबकि मार्को यानसन और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली। हालांकि मार्को यानसन और जेवियर बार्टलेट की जमकर धुनाई हुई और दोनों ने मिलकर 7.5 ओवर में 108 रन खर्च कर दिए, जो पंजाब किंग्स की हार की सबसे बड़ी वजह बनी।
Updated on:
15 May 2026 08:57 am
Published on:
15 May 2026 07:59 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
