
न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम। (फोटो सोर्स: एक्स@/ShivamDubey45)
IPL 2026 Qualifiers 2 GT vs RR: आईपीएल 2026 का दूसरा क्वालीफायर शुक्रवार न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर स्थिन महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। जहां सनराइजर्स हैदराबाद को एलिमिनेटर में हराने वाली राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। ये मैच भारतीय समयानुसार, शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल का टिकट हासिल कर लेगी, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। अगर ये मैच बारिश की भेंट चढ़ता है तो कौन सी आईपीएल नियम के तहत फाइनल पहुंचेगी? आइये आपको भी बताते हैं।
क्वालीफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हारने के चलते गुजरात टाइटंस के पास क्वालीफायर 2 में जीतकर फाइनल तक पहुंचने का दूसरा मौका होगा। जबकि पॉइंट्स टेबल में 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही राजस्थान रॉयल्स एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर क्वालीफायर 2 में पहुंची है। यानी रॉयल्स और टाइटंस के बीच ये मुकाबला 29 मई को खेला जाएगा। लेकिन, अगर ये मैच बारिश के कारण रद्द होता है, तो क्या होगा? क्योंकि न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है।
गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान रॉयल्स क्वालीफायर 2 मैच में अगर बारिश होती है और मैच नहीं हो पाता है, तो इसका सीधा फायदा गुजरात को होगा। इस स्थिति में रॉयल्स बाहर हो जाएगी, क्योंकि पॉइंट्स टेबल में उसने चौथे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है। जबकि जीटी ने 18 पॉइंट्स के साथ दूसरे पायदान पर रहते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई है।
इंडियन प्रीमियर लीग के नियमानुसार, क्वालीफायर और एलिमिनेटर मुकाबलों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। रिजर्व डे का प्रावधान सिर्फ फाइनल मुकाबले के लिए है।
न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर के मौसम की बात की जाए तो यहां खेले गए एलिमिनेटर में मौसम साफ रहा। लेकिन, अब अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। एक्यूवेदर के मुताबिक, गुरुवार से यहां के मौसम में अप्रत्याशित परिवर्तन देखने को मिल रहा है। गुरुवार को यहां 55 प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि शुक्रवार मैच के दिन भी छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो थोड़ी रुकावट के साथ दर्शक पूरे मैच का लुत्फ उठा सकेंगे।
Updated on:
28 May 2026 11:22 am
Published on:
28 May 2026 11:22 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
