
राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को हराया (Photo- IPL 'X')
IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स (RR) ने बारिश से प्रभावित इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) को 27 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ RR ने इस सीजन में जीत की हैट्रिक लगा दी है। अब RR प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। वहीं, 7वें नंबर पर मौजूद MI को दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है।
बारिश के चलते मैच की पहली गेंद रात 10 बजकर 10 मिनट पर फेंकी गई। इस दौरान 9-9 ओवरों की कटौती हुई। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 11 ओवरों में 3 विकेट खोकर 150 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने वैभव सूर्यवंशी के साथ 5 ओवरों में 80 रन की साझेदारी की। वैभव 14 गेंदों में 5 छक्कों और 1 चौके के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे ध्रुव जुरेल महज 2 रन ही टीम के खाते में जोड़ सके।
RR 84 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए। इसके बाद जायसवाल ने कप्तान रियान पराग के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 37 रन जुटाए। रियान 10 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 20 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जायसवाल ने शिमरोन हेटमायर के साथ चौथे विकेट के लिए 13 गेंदों में 29 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 150/3 के स्कोर तक पहुंचाया। जायसवाल 32 गेंदों में 4 छक्कों और 10 चौकों के साथ 77 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हेटमायर ने 7 गेंदों में नाबाद 6 रन बनाए। विपक्षी खेमे से गजनफर ने 21 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि शार्दुल ठाकुर ने 1 विकेट अपने नाम किया।
राजस्थान रॉयल्स का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस निर्धारित 11 ओवरों में 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी। मुंबई इंडियंस ने अपनी पारी के पहले ओवर की अंतिम गेंद पर रायन रिकलटन (8) का विकेट खो दिया। उस समय तक टीम सिर्फ 10 ही रन बना सकी थी। इसके बाद रोहित शर्मा (5) ने सूर्यकुमार यादव (6) के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 10 रन जुटाए।
मुंबई इंडियंस कम स्कोर पर विकेट गंवाती रही। महज 46 के स्कोर तक मुंबई इंडियंस के 5 विकेट गिर चुके थे। यहां से शेरफन रदरफोर्ड ने नमन धीर के साथ छठे विकेट के लिए 17 गेंदों में 47 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 93 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन यह साझेदारी टूटते ही टीम फिर से लड़खड़ा गई। नमन धीर और रदरफोर्ड ने 25-25 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विपक्षी खेमे से नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे को 1-1 सफलता हाथ लगी।
Updated on:
08 Apr 2026 02:39 am
Published on:
08 Apr 2026 02:31 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
