18 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने 20वें ओवर में की बड़ी गलती और जीता हुआ मैच हार गई टीम

Royal Challengers Bengaluru vs Delhi Capitals: आईपीएल 2026 के 26वें मुकाबले में आखिरी ओवर में एक गलती की वजह से RCB को हार का सामना करना पड़ा।

3 min read
Google source verification
rajat patidar

रजत पाटीदार (फोटो- IANS)

IPL 2026 RCB vs DC Highlights: आईपीएल 2026 के 26वें मुकाबले में फैंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 175 रन बनाए और दिल्ली को 176 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने यह लक्ष्य आखिरी ओवर में एक गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इस मुकाबले में एक समय तक आरसीबी का दबदबा नजर आ रहा था, लेकिन आखिरी ओवर में कप्तान रजत पाटीदार की एक गलती टीम पर भारी पड़ गई।

आखिरी ओवर में आरसीबी को 14 रन डिफेंड करने थे। कप्तान पाटीदार ने गेंदबाजी के लिए रोमारियो शेफर्ड को चुना, जिन्होंने इससे पहले मैच में कोई ओवर नहीं डाला था। उनके पास अन्य विकल्प भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने शेफर्ड पर भरोसा जताया। ओवर की पहली गेंद पर डेविड मिलर ने सिंगल लिया, जबकि दूसरी गेंद पर 'ट्रिस्टन स्टब्स ने एक रन लिया। अब आखिरी 4 गेंदों पर 13 रन की जरूरत थी और मैच अभी भी आरसीबी के पक्ष में झुका हुआ लग रहा था।

3 गेंद में मिलर ने छीन लिया मैच

लेकिन इसके बाद मैच का रुख पूरी तरह बदल गया। डेविड मिलर ने अगली दो गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़ दिए और पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर मुकाबला एक गेंद पहले ही खत्म कर दिया। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स ने रोमांचक अंदाज में मैच अपने नाम किया, जबकि आरसीबी के हाथ से जीता हुआ मुकाबला फिसल गया।

इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। हार के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दूसरे स्थान पर है। उसने 6 में से 4 मैच जीते हैं। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 175 रन बनाए। विराट कोहली और फिल साल्ट की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5 ओवरों में 52 रन की साझेदारी की। छठे ओवर की पहली गेंद पर कोहली 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद साल्ट ने देवदत्त पडिकल्ल के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 गेंदों में 47 रन जुटाए।

साल्ट ने खेली शानदार पारी

साल्ट ने 38 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 63 रन की पारी खेली, जबकि पडिकल्ल ने 18 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इसके बाद टिम डेविड ने 26 रन, जबकि जितेश शर्मा ने 14 रन टीम के खाते में जोड़े। क्रुणाल पंड्या ने 12 रन जुटाए। दिल्ली की ओर से अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि मुकेश कुमार ने 1 विकेट निकाला।

इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19.5 ओवर में जीत दर्ज कर ली। पारी की चौथी गेंद पर डीसी को पथुम निसांका (1) के रूप में झटका लगा। इसके बाद 2.5 ओवर में 18 के स्कोर तक टीम ने करुण नायर (5) और समीर रिजवी (2) का विकेट भी गंवा दिया। शुरुआती तीनों विकेट भुवनेश्वर कुमार के नाम रहे। यहां से ट्रिस्टन स्टब्स ने केएल राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 69 रन की साझेदारी की। राहुल 34 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने स्टब्स के साथ मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

13.3 ओवर के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल क्रैंप्स के कारण परेशानी में नजर आए। हालांकि, कुछ देर मैदान पर ही उपचार के बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन 15.5 ओवर के बाद एक बार फिर अक्षर दर्द में दिखे। आखिरकार, उन्हें रिटायर्ड हर्ड होकर वापस लौटना पड़ा और उनके स्थान पर डेविड मिलर बल्लेबाजी के लिए उतरे। कप्तान पटेल ने 19 गेंदों में 3 चौकों के साथ 26 रन टीम के खाते में जुटाए।

मिलर ने खत्म किया रोमांचक मुकाबला

18वें ओवर में ऐसा मौका आया, जब दिल्ली कैपिटल्स की पारी में 24 गेंदों के बाद बाउंड्री आई। अंतिम ओवर में टीम को 15 रन की दरकार थी। रोमारियो शेफर्ड के इस ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर डेविड मिलर ने छक्के लगाए। ओवर की 5वीं गेंद पर चौके के साथ मैच का अंत कर दिया।