
भारत के हाथों मिली करारी शिकस्त के बाद भी इस वजह से खुश हैं वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर
नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच गुवाहाटी वनडे में वेस्टइंडीज की टीम को 8 विकेट के अंतर से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद वेस्टइंडीज टीम से वनडे में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। लेकिन मेहमान टीम वैसा प्रदर्शन कर पाने में नाकाम रही। हालांकि इसके बाद भी वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश है। मैच के बाद होल्डर ने अपने बल्लेबाजों की तारीफ की है। गौरतलब हो कि वेस्टइंडीज ने शिमरोन हेटमेर के 106 रन और केमार रोच तथा देवेंद्र बिशू की उपयोगी पारियों की बदौलत आठ विकेट पर 322 रन का मजबूत स्कोर बनाया। इसके बावजूद टीम को शिकस्त झेलनी पड़ी।
बल्लेबाजों के प्रयास से खुश है होल्डर-
कप्तान होल्डर ने मैच के बाद कहा कि बल्लेबाजों के प्रयासों से खुश हूं। हेटमेर ने असाधारण बल्लेबाजी की। लेकिन हमें गेंद से और अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत है। भारत ने कप्तान विराट कोहली (140) और रोहित शर्मा (नाबाद 152) के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 246 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की बदौलत वेस्टइंडीज को आठ विकेट से करारी मात देकर पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
रोहित और विराट ने दूर किया जीत-
उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि रोहित और कोहली की तूफानी पारियों ने उन्हें मैच से दूर कर दिया। उन्होंने कहा कि कोहली और रोहित को इसका श्रेय दिया जाना चाहिए जिन्होंने मैच को हमसे दूर कर दिया। उम्मीद है कि हम दूसरे मैच में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। इस सीरीज का अगला मैच अब 24 अक्टूबर को विशाखापट्टनम में होना है। सीरीज के पहले मैच में जिस तरह से रन बने उसे देखते हुए कहा जा रहा है बाकी बचे मुकाबलों में भी जमकर रनों की बारिश होगी।
Published on:
22 Oct 2018, 3:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.