Eng Lions vs India A: नव नियुक्त कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व भारतीय टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड पहुंच चुकी है। इस मुकाबले से पहले भारत-ए और इंग्लैंड लायंस के बीच दूसरा अनधिकृत टेस्ट मैच नॉर्थम्प्टन में खेला जा रहा है, जहां भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद ने तीसरे दिन शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। खलील अहमद ने यह प्रदर्शन ऐसे समय में किया है, जब इंग्लैंड की परिस्थितियों के लिहाज से भारतीय टीम की गेंदबाजी लाइन-अप को कमतर आंका जा रहा है। चूंकि 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रहे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट टीम में खलील अहमद का चयन नहीं किया गया है, ऐसे में उसको लेकर क्रिकेट प्रशंसकों की ओर से तरह-तरह के सवाल खड़े किए जा रहे हैं।