
Live AUS vs IND Test : एक बार फिर लड़खड़ाई ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी, ट्रेविस हेड और पीटर हैंडस्कोम्ब क्रीज़ पर
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी चार मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट सीरीज का चौथा मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी चेतेश्वर पुजारा (193) और ऋषभ पंत ((नाबाद 159) की बेहतरीन पारियों की मदद से भारत ने विशाल स्कोर खड़ा किया है। भारतीय क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को दूसरे दिन अपनी पहली पारी सात विकेट गंवाकर 622 रनों के विशाल स्कोर पर घोषित कर दी थी। वहीं अच्छी शुरुआत के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने तीसरे दिन शनिवार को दूसरे सत्र में वापसी करते हुए मेजबान ऑस्ट्रेलिया को संकट में डाल दिया।
मैच का हाल -
खेल खराब रोशनी के कारण रुक गया है। मैच के तीसरे सत्र में अंपयारों ने अंधेरा होता देख मैच रोकने का फैसला किया। खेल जब रोका गया तब ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट के नुकसान पर 236 रन बना लिए थे। विकेट पर पीटर हैंड्सकॉम्ब 28 और पैट कमिंस 25 रन बनाकर खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया अभी भी भारत से 386 रन पीछे है।
ऐसे किया ख्वाजा को आउट -
इस से पहले ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत बिना किसी नुकसान के 24 रनों के साथ की। उसके दोनों सलामी बल्लेबाज अच्छा खेल रहे थे और बिना किसी परेशानी के रन बना रहे थे। इस बीच गेंदबाजी पर आए कुलदीप यादव की एक गेंद पर उस्मान ख्वाजा शॉट को मिस टाइम कर गए और गेंद सीधे चेतेश्वर पुजारा के हाथों में गई। ख्वाजा का विकेट 72 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्होंने 71 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाए।
लंच के बाद लड़खड़ाई ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी -
मेजबान बल्लेबाज दूसरे सत्र में अपनी सफलता जारी नहीं रख सके और विकेट खोते चले गए। इस सीरीज के एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट मैच से पदार्पण करने वाले मार्कस हैरिस अपना पहला शतक पूरा नहीं कर पाए। दूसरे सत्र के तीसरे ओवर में ही रवींद्र जडेजा ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। जडेजा की बाहर जाती गेंद पर हैरिस कट मारने गए और गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेट पर जा लगी। शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैरिस दुर्भाग्यशाली रहे और 120 गेंदों पर 79 रन बनाकर पवेलियन लौट लिए। उनकी पारी में आठ चौके शामिल रहे। जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के भरोसेमंद बल्लेबाज शॉन मार्श (8) को भी टिकने नहीं दिया और 144 के कुल स्कोर पर उन्हें स्लिप में खड़े अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराया।
34 रनों के भीतर खोए तीन विकेट -
जडेजा के बाद मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया की एक और उम्मीद पर पानी फेर दिया। उन्होंने मार्नस लाबुस्शाने को 152 के कुल स्कोर पर रहाणे के हाथों की कैच कराया। शमी ने लाबुस्शाने के पैर पर गेंद फेंकी जिसे उन्होंने फिल्क किया और रहाणे ने शॉर्ट स्कावर पर शानदार कैच पकड़ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की संयम भरी पारी का अंत किया। लाबुस्शाने ने 95 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 38 रन बनाए। 34 रनों के भीतर तीन विकेट खोने के बाद मेजबान टीम संकट में आ चुकी थी। वहीं लग रहा था कि दूसरे सत्र का खेल खत्म होते-होते भारतीय गेंदबाज एक-दो विकेट और निकाल लेंगे। ट्रेविस हेड (20) और हैंड्सकॉम्ब ने हालांकि उनके इंतजार को कुछ देर के लिए बढ़ा दिया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 40 रन जोड़े। कुलदीप यादव ने हेड को अपनी ही गेंद पर लपक भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। इससे पहले, भारत ने चेतेश्वर पुजारा (193), ऋषभ पंत (नाबाद 159), रवींद्र जडेजा (81) और मंयक अग्रवाल (77) की बेहतरीन पारियों के दम पर पहली पारी में विशाल स्कोर खड़ा किया था।
Updated on:
05 Jan 2019 12:00 pm
Published on:
05 Jan 2019 09:28 am
