
हार्दिक पंड्या (Photo - IANS)
Mumbai Indians news, Hardik Pandya captaincy update: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी के अंदर एक बहुत बड़ा तूफान आने वाला है। खबरें आ रही हैं कि खराब सीजन के बाद हार्दिक पंड्या अपनी कप्तानी गंवा सकते हैं। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई ने इस सीजन 14 में से सिर्फ 4 मैच जीते। लेकिन बात सिर्फ कप्तानी तक ही सीमित नहीं है। मुंबई इंडियंस का संकट बहुत गहरा हो चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, टीम के कोचिंग स्टाफ कई सीनियर खिलाड़ियों से बेहद नाराज हैं और उन्होंने कुछ दिग्गजों को नॉट कोचबल (बात न सुनने वाला) तक कह दिया है।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस के कोचेस और सीनियर खिलाड़ियों के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कई मौकों पर सीनियर खिलाड़ियों ने कोचेस के रणनीतिक निर्देशों और डेटा के आधार पर बनाई गई प्लानिंग को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया और मैदान पर सिर्फ अपनी मर्जी चलाई। अब इन खिलाड़ियों को साफ चेतावनी दी गई है कि वे कोचेस की बात सुनना शुरू करें। कोचेस का कहना है कि खिलाड़ी चाहे जितने भी बड़े हों, उन्हें कोचेस के प्लान के मुताबिक चलना ही होगा।
रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनने के बाद से ही हार्दिक पंड्या के लिए राह आसान नहीं रही थी। शुरुआत में खिलाड़ियों और फैंस के विरोध के बाद भी उन्हें कप्तानी मिली, लेकिन मैदान पर नतीजे नहीं आए। अब टीम मैनेजमेंट हार्दिक पंड्या को कप्तानी से हटाने या उन्हें सिर्फ एक खिलाड़ी के रूप में रखने पर गंभीर चर्चा कर रहा है।
वहीं, सूत्रों के हवाले से एक और चौंकाने वाली खबर आ रही है कि हार्दिक पंड्या खुद मुंबई इंडियंस को छोड़ने का मन बना रहे हैं। मैनेजमेंट के साथ रिश्तों में आई खटास के बाद हार्दिक जल्द ही टीम से रिलीज होने की रिक्वेस्ट डाल सकते हैं। 5 बार की चैंपियन रही मुंबई इंडियंस को अगर छठा खिताब जीतना है, तो उन्हें अगले सीजन से पहले टीम में एक बहुत बड़ा फेरबदल (overhaul) करना पड़ेगा।
Updated on:
29 May 2026 03:10 pm
Published on:
29 May 2026 03:10 pm
