
S Sreesanth and Harbhajan Singh (Photo- IANS)
New Twist in Slapgate: IPL 2026 के बीच आईपीएल के पहले सीजन सबसे बड़ा विवाद थप्पड़ कांड एक बार फिर सुर्खियों में है। किंग्स XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स) बनाम मुंबई इंडियंस खेले गए मैच के बाद एस श्रीसंत को हरभजन सिंह ने थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद श्रीसंत मैदान पर रोते हुए नजर आए थे। हालांकि बाद में भज्जी ने माफी मांगी और दोनों ने जल्द ही आपसी मनमुटाव भुला दिया। सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था कि भज्जी ने ऐसी हरकत कर डाली, जो श्रीसंत को कतई पसंद नहीं आई। उन्होंने हरभजन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस मामले में फिर से नया ट्विस्ट ला दिया है।
श्रीसंत ने भज्जी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि हरभजन ने इस बदनाम घटना से फायदा उठाया है। मलयालम समाचार आउटलेट ‘मातृभूमि’ से बातचीत में श्रीसंत ने कहा कि मैंने किसी भी इंटरव्यू में भज्जी के बारे में कभी बात नहीं की है। यह पहली बार है, जब मुझे बोलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल तक कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन उसने एक बार फिर इस पर एक विज्ञापन बना दिया। उसने इससे लगभग 1 करोड़ रुपये कमाए।
फिर उसने मुझे फोन किया और मुझसे इस पर एक स्टोरी डालने के लिए कहा। मैंने उससे कहा कि मैं माफ तो कर दूंगा, लेकिन कभी भूलूंगा नहीं। श्रीसंत ने कहा कि अगर कोई आपके साथ कुछ गलत करता है, तो आपको उसे माफ कर देना चाहिए, लेकिन कभी भूलना नहीं चाहिए। अगर आप भूल जाएंगे, तो वे फिर से वही काम करेंगे। वह इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। इसमें कोई शक नहीं है।”
भारतीय पूर्व पेसर ने आगे कहा कि उन्होंने भज्जी से सारे रिश्ते तोड़ लिए हैं और इंस्टाग्राम पर ब्लॉक भी कर दिया है। अब उस इंसान से मेरा कोई रिश्ता नहीं है। मैं उसे भाई कहता था। लेकिन, पिछले 1 या 2 महीनों में उसने वह विज्ञापन किया। मेरे माता-पिता ने मुझे सिखाया है कि माफ कर दो, लेकिन भूलो मत। मुझे उससे कोई शिकायत नहीं है, न ही मुझे उसकी जरूरत है। भगवान उसे और उसके परिवार को खुश रखे।
श्रीसंत ने आगे कहा कि कई इंटरव्यू में, यहां तक कि अश्विन के साथ भी, उसने मेरी बेटी के बारे में बात की। लोग सोचेंगे, अरे, वह कितना अच्छा इंसान है। हो सकता है वह अच्छा इंसान हो। लेकिन मेरे लिए, भारत के लिए खेलने के समय से लेकर अब तक, मेरी राय में, यह सब एक दिखावा है। यह दिखावा श्रीसंत को मंज़ूर नहीं है।
थप्पड़ मारने की यह घटना आईपीएल 2008 यानि पहले ही सीजन का पहला बड़ा विवाद थी। इस विवाद के बाद हरभजन पर पूरे सीजन के लिए बैन लगा दिया गया था। जब यह घटना हुई तो कैमरों में श्रीसंत मैदान पर रोते हुए कैद हो गए थे। पिछले साल ही पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने श्रीसंत और हरभजन के बीच हुई कहासुनी का पहले कभी न देखा गया, हाई-डेफिनिशन फुटेज जारी किया था। इससे पहले हरभजन ने अपनी गलती मान ली थी और कहा था कि श्रीसंत को थप्पड़ मारना गलत था। हालांकि, तेज गेंदबाज ने अब कहा है कि हाल के विज्ञापन को देखते हुए, इस माफी का कोई मतलब नहीं रह गया है।
Published on:
25 Apr 2026 11:43 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
