
Nitish rana left Delhi ranji team: भारतीय बल्लेबाज नितीश राणा ने कुछ दिन पहले घरेलू प्रतियोगिताओं में कहीं और खेलने के लिए दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) मांगा था। अब खबर आई है कि दिल्ली के पूर्व कप्तान आगामी भारतीय घरेलू सत्र के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम में शामिल होने जा रहे हैं। नीतीश राणा ने घोषणा की है कि वह उत्तर प्रदेश के लिए खेलेंगे और मौजूदा 2023-24 घरेलू क्रिकेट सीजन से दिल्ली का साथ छोड़ देंगे।
आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की कप्तानी करने वाले बाएं हाथ के ऑलराउंडर बल्लेबाज नीतीश राणा, अब घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। वह इस टीम में अपनी आईपीएल टीम के साथी रिंकू सिंह के साथ जुड़ेंगे। वह अब यूपीटी20 लीग के उद्घाटन संस्करण में खेलने के लिए पात्र हैं, जहां वह नोएडा सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे।
राणा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मैं उन अवसरों, मार्गदर्शन और समर्थन के लिए आभारी हूं जो डीडीसीए ने मुझे वर्षों से प्रदान किए हैं। जैसे-जैसे मैं नए मुकाम की ओर बढ़ रहा हूं, मैं दिल्ली क्रिकेट की कप्तानी करते हुए अपनी जर्नी को हमेशा याद रखूंगा।'
राणा ने आगे कहा, 'मैं डीडीसीए के साथ अपने कार्यकाल के दौरान रोहन जेटली के समर्थन और सहयोग के लिए उनकी सराहना करना चाहता हूं। हालांकि, मुझे लगता है कि अब अपने करियर में एक नया अध्याय शुरू करने का समय आ गया है। मैं बहुत सोच-समझकर इस निर्णय पर आया हूं और मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं आगामी घरेलू सत्र से यूपीसीए में शामिल हो जाऊंगा।'
राणा ने कहा, "मैं यूपीसीए के लिए खेलने के लिए उत्साहित हूं और मैं नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए सभी के साथ काम करने के लिए बेताब हूं।" पिछले सीजन में नितीश और DDCA के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए थे। सीजन के बीच में ही नितीश ने हैदराबाद क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच खेलने के लिए खुद को अनुपलब्ध बताया था। इसके बाद उनकी कप्तानी छीन ली गई थी और यश ढुल को कप्तान बनाने का फैसला किया गया था। नितीश के उत्तर प्रदेश टीम में शामिल होने की अफवाहों को देखते हुए एक अधिकारी इस पर विचार करने के लिए उनसे संपर्क किया।
DDCA अधिकारी ने इस मसले पर कहा, "किसी खिलाड़ी को रुकने के लिए मजबूर करने का कोई मतलब नहीं होता। एक बार जब कोई खिलाड़ी अपना मन बना लेता है तो हम कुछ नहीं कर सकते हैं। हम उसे किसी प्रकार का आश्वासन या अन्य चीजें नहीं दे सकते, खासकर चयन के बारे में बात नहीं कर सकते। इसका ड्रेसिंग रूम पर भी गलत असर पड़ता है। हम किसी को रुकने के लिए मजबूर नहीं करते हैं।"
भारत के लिए एक वनडे और दो टी20 मैच खेलने के साथ राणा, दिल्ली की घरेलू टीम में नियमित खिलाड़ी थे और यहां तक कि उन्होंने कप्तान के रूप में भी काम किया। लेकिन वह पिछले सीज़न खराब फॉर्म से जूझ रहे थे और बाद में उन्हें रणजी ट्रॉफी टीम से बाहर कर दिया गया।
Published on:
21 Aug 2023 12:53 pm
