
नामीबिया को हराकर जीत की खुशी मनाती पाकिस्तान की टीम। (फोटो सोर्स: IANS)
Pak vs Nam Match Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए का सेकंड लास्ट मुकाबला पाकिस्तान और नामीबिया के बीच आज बुधवार को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। करो या मरो के इस मुकाबले में पॉकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साहिबजादा फरहान के तूफानी शतक के दम पर पूरे 200 रन का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में नामीबिया की टीम 17.3 ओवर में 97 रन पर ही ढेर हो गई। इस तरह पाकिस्तान ने 102 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट के सुपर-8 में जगह बना ली है। इस मैच के साथ ही सुपर-8 की तस्वीर पूरी तरह से साफ हो गई है। जबकि पाकिस्तान के हारने की दुआ कर यूएसए का अगले चरण में पहुंचने का सपना टूट गया है।
मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत मिली। पाकिस्तान को पहला झटका 40 के स्कोर पर अयूब के रूप में लगा, जिन्होंने 12 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाए। इसके बाद कप्तान सलमान आगा 23 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ख्वाजा नफे सिर्फ पांच रन बनाकर चलते बने।
फिर मैदान पर शादाब खान आए उन्होंने साहिबजादा का बखूबी साथ निभाया। इसी बीच 20 ओवर में 57 गेंदों पर साहिबजादा ने अपना शतक पूरा किया और पाकिस्तान के स्कोर को 199 तक पहुंचाया। फरहान ने 58 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए तो शादाब खान ने 22 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 36 रन बनाए।
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया ने तेज शुरुआत की, लेकिन तेजी के चक्कर में उसने 4.1 ओवर महज 32 के स्कोर पर अपना पहला विकेट ओपनर जान फ्राईलिंक (9) के रूप में गंवा दिया। इसके बाद टीम के खाते में सात रन ही जुड़े थे कि जान निकोल लॉफ्टी एटन भी 39 के स्कोर पर चलते बने। इसके बाद नामीबिया को तीसरा बड़ा झटका 43 के स्कोर पर ओपनर लॉरेन स्टीनकैंप के रूप में लगा। लॉरेन ने 22 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाए। इसके बाद 49 के स्कोर पर गेरहार्ड इरास्मस (7) का शिकार शादाब खान ने किया।
49/4 के स्कोर के बाद नामीबिया नियमित अंतराल पर विकेट गंवाता रहा और पूरी टीम 17.3 ओवर में महज 97 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इस तरह पाकिस्तान ने 102 रन से जीत दर्ज करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में जगह बना ली है।
Published on:
18 Feb 2026 06:14 pm
