5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

केपटाउन टी-20 : मिलर के शानदार क्षेत्ररक्षण के दम पर दक्षिण अफ्रीका जीता, पाक को 6 रन से दी मात

लगातार 11 मैचों में लक्ष्य का सफल पीछा करने के बाद पाकिस्तान की यह पहली हार है।
2 min read
Google source verification
david miller

केपटाउन टी-20 : मिलर के शानदार क्षेत्ररक्षण के दम पर दक्षिण अफ्रीका जीता, पाक को 6 रन से दी मात

केपटाउन : कप्तान फाफ डु प्लेसिस (78) और रीजा हेंड्रि‍क्स (74) और उसके बाद किलर के नाम से मशहूर डेविड मिलर (4 कैच और 2 रन आउट) के शानदार क्षेत्ररक्षण की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने पहले टी-20 मैच में पाकिस्तान को छह रन से हरा दिया। लगातार 11 मैचों में लक्ष्य का सफल पीछा करने के बाद पाकिस्तान की यह पहली हार है। वही, इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

टॉस जीत पाक ने बल्‍लेबाजी के लिए मेजबान को बुलाया
शुक्रवार की रात टी-20 में विश्‍व की नंबर एक टीम पाकिस्तान ने केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर टॉस जीत कर मेजबान टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। दक्षिण अफ्रीका ने अपना पहला विकेट 26 रन के स्कोर पर गिहान क्लॉएट (13) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद कप्‍तान फाफ डु प्लेसिस और हेंड्रि‍क्स ने दूसरे विकेट के लिए 131 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। प्लेसिस ने 45 गेंदों पर छह चौके और चार छक्के, जबकि हेंड्रि‍क्स ने 41 गेंदों पर आठ चौके और दो छक्के लगाए।
पाकिस्तान की ओर से उस्मान शेनवारी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि इमाद वसीम, हसन अली और फहीम अशरफ के हाथ एक-एक विकेट लगा।

लक्ष्‍य हासिल करने से चूकी पाकिस्‍तान
दक्षिण अफ्रीका से मिले 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने के बावजूद लक्ष्य के काफी करीब पहुंच गई, लेकिन लक्ष्‍य से छह रन दूर रह गई।
पाकिस्‍तान की ओर से कप्तान शोएब मलिक ने 31 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 49 रन बना कर मैच लड़ाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। मलिक के अलावा हुसैन तलत ने 40, बाबर आजम ने 38, आसिफ अली ने 13 और हसन अली ने 11 रनों का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए ब्यूरेन हेंड्रिक्स, क्रिस मॉरिस और तबरेज शम्सी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि एंडिले फेहलुकवायो के हाथ एक विकेट लगा।

शानदार क्षेत्ररक्षण के लिए मिलर मैन ऑफ द मैच
क्रिकेट में एक कहावत मशहूर है- पकड़ो कैच, जीतो मैच। इस कहावत को चरितार्थ करते हुए डेविड मिलर ने शानदार क्षेत्ररक्षण का नमूना पेश किया। बॉलिंग और बैटिंग में फेल होने के बाद उन्‍होंने सिर्फ अपने शानदार क्षेत्ररक्षण से अफ्रीका की मैच में वापसी करा दी। उन्‍होंने 4 कैच लपकने के अलावा दो बल्लेबाजों को रन आउट भी किया। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्‍कार से नवाजा गया।