
बैन हो सकते हैं 17 पाकिस्तानी क्रिकेटर्स (फोटो- ANI)
Asian Legends League 2026: जांबिया में खेले जा रहे 'एशियन लीजेंड्स लीग' में पाकिस्तान पैंथर्स का बुरा हाल है। टीम अपने शुरुआती दोनों मुकाबले हारकर अंक तालिका में आखिरी स्थान पर मौजूद है। वहीं दूसरी ओर, इस लीग में खेल रहे पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों पर अब बैन का खतरा मंडराने लगा है। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के 17 पूर्व खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, पाकिस्तान पैंथर्स का हिस्सा हैं। यह एक अनसेंक्शन (Unsanctioned) लीग है, जिसका मतलब है कि इसे न आईसीसी (ICC) और न ही जांबिया क्रिकेट से समर्थन हासिल है। ऐसे में एशियन लीजेंड्स लीग में भाग लेने वाले पाकिस्तान के इन 17 खिलाड़ियों पर पीसीबी कड़ी कार्रवाई करते हुए बैन लगा सकता है।
पीसीबी ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि इस अस्वीकृत इवेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पीसीबी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के इस लीग में भाग लेने वाले खिलाड़ियों पर 2 साल का बैन लग सकता है। अगर ऐसा होता है, तो ये खिलाड़ी भविष्य में पीसीबी या पीएसएल (PSL) के साथ क्रिकेट, कोचिंग या किसी भी सलाहकार की भूमिका में काम नहीं कर पाएंगे।
आपको बता दें कि इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें पाकिस्तान पैंथर्स के अलावा इंडिया रॉयल्स, बांग्लादेश टाइगर्स, अफगानी पठान, श्रीलंकन लायंस और एशियन स्टार्स जैसी टीमें शामिल हैं। पाकिस्तान पैंथर्स को पहले मुकाबले में एशियन स्टार्स ने हराया था, तो दूसरे मुकाबले में इंडिया रॉयल्स ने शिकस्त दी थी।
पाकिस्तान पैंथर्स के 17 खिलाड़ियों के दल में कामरान अकमल, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, उमर अकमल, इमरान नजीर, सोहेल तनवीर, मोहम्मद इरफान और यासिर शाह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने अब तक टूर्नामेंट के मैचों में भाग लिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पीसीबी इनके खिलाफ क्या और कब कार्रवाई करता है।
शरजील खान, कामरान अकमल, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, उमर अकमल, इमरान नजीर, सईद अजमल, सोहेल तनवीर, यासिर शाह, नावेद-उल-हसन, मोहम्मद इरफान, जुल्फिकार बाबर, राहत अली, हसन रजा, यासिर भट्ट और राणा नईम अनवर।
Updated on:
05 Aug 2026 09:24 am
Published on:
05 Aug 2026 09:24 am
