
मुंबई : अनजाने में प्रतिबंधित दवाओं का सेवन करने के आरोप में आठ महीने का प्रतिबंध झेल रहे भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ अपना 20वां जन्मदिन मना रहे हैं और क्रिकेट मैदान पर वापसी की तैयारी में लगे हैं। अब वह मौजूदा सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के जरिये जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं। उनका आठ माह का प्रतिबंध 16 नवंबर को खत्म हो रहा है।
ट्वीट कर किया वापसी का ऐलान
शनिवार को पृथ्वी शॉ ने ट्विटर पर अपना अभ्यास करते वीडियो डालकर जानकारी दी कि वह आज 20 साल के हो गए हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी लिखा कि वह आश्वस्त करते हैं कि यह पृथ्वी शॉ 2.0 होगा और आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने लिखा कि वह आपके प्यार और समर्थन का शुक्रिया। जल्द वापसी करूंगा।
16 नवंबर के बाद चयन के लिए होंगे उपलब्ध
पृथ्वी शॉ पर आठ माह का लगा प्रतिबंध 16 नवंबर को खत्म हो रहा है। इसके बाद वह चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। उम्मीद है कि भारतीय टीम के लिए दोबारा से अपना दावा ठोंकने से पहले वह इस वक्त चल रही बीसीसीआई की घरेलू टी-20 लीग सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की टीम से खेलेंगे। 8 नवंबर से शुरू हुआ यह टूर्नामेंट एक दिसंबर तक चलेगा।
चयनकर्ताओं ने दिया इशारा, होगी वापसी
उम्मीद है कि मुंबई टीम में पृथ्वी शॉ की वापसी सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के लिए हो जाएगी। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के चयनकर्ताओं ने भी इस बात का इशारा दिया है कि प्रतिबंध खत्म होते ही पृथ्वी शॉ को इस टूर्नामेंट के लिए टीम में शामिल किया जा सकता है।
मुंबई के चार खिलाड़ी हैं टीम इंडिया में शामिल
बता दें कि इस वक्त मुंबई टीम के चार अहम खिलाड़ी रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर, शार्दुल ठाकुर और शिवम दुबे बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया की टीम में शामिल हैं। इस वजह से मुंबई की मौजूदा टीम थोड़ी कमजोर नजर आ रही है। लेकिन जब तक शॉ का प्रतिबंध खत्म होगा, तब तक बांग्लादेश के खिलाफ चल रहा टी-20 सीरीज भी खत्म हो चुका होगा। ऐसे में टेस्ट टीम में भी शामिल रोहित शर्मा को छोड़कर बाकी के खिलाड़ी मुंबई टीम के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। पृथ्वी शॉ ने भारत के लिए अब तक दो टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने राजकोट में अपने पदार्पण टेस्ट मैच में ही वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाया था।
Updated on:
09 Nov 2019 10:12 pm
Published on:
09 Nov 2019 10:11 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
