
पंजाब किंग्स के खिलाड़ी। (फोटो सोर्स: IANS)
PBKS playoff qualification scenarios: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का लीग चरण अब उस मोड़ पर जा पहुंचा है, जहां से अब हर मैच के परिणाम प्लेऑफ की दौड़ पर असर डालेंगे। अब कुछ टीमें आसानी से आगे बढ़ रही हैं तो कुछ किसी तरह खुद को बचाए हुए हैं और कुछ तो अभी से बाहर होने की कगार पर खड़ी हैं। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ भी पक्का नहीं हुआ है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद की जीत ने पंजाब किंग्स को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इस मैच से पहले तक टेबल टॉपर रही पीबीकेएस क्या टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है। आइये इसका पूरा गणित समझते हैं।
आईपीएल 2026 में लीग चरण के 49 मुकाबलों के बाद सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स टॉप-4 में हैं। सनराइजर्स 14 अंकों के साथ शीर्ष पर है। हालांकि अभी तक कोई टीम मैजिक नंबर 16 तक नहीं पहुंच सकी है, क्योंकि आमतौर पर 10 टीमों वाले आईपीएल में क्वालीफिकेशन के लिए 16 अंकों का लक्ष्य रखा जाता है। अगर आप आठ मैच जीत लेते हैं, तो आपका क्वालीफाई करना लगभग तय हो जाता है। कभी-कभी 14 अंक वाली टीम भी प्लेऑफ में पहुंची है, लेकिन इस बार ऐसा होना नजर नहीं आ रहा है।
पंजाब किंग्स ने इस सीजन में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली इस टीम ने शुरुआती सात में से छह मैच जीते थे और एक मैच बेनतीजा रहा था। लेकिन, उसके बाद से उसका प्रदर्शन लगातार गिर रहा है। उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ छह विकेट से, गुजरात टाइटंस के खिलाफ चार विकेट से और अब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 33 रनों से हार का सामना करना पड़ा है।
फिलहाल 10 मैचों के बाद पीबीकेएस के पास 13 अंक हैं। अब यहां से उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए शेष बचे अपने चार मैचों में से दो जीतने की जरुरत है, ताकि वह 16 के जादुई आंकड़े को पार कर सके। इससे कुछ भी कम टूर्नामेंट में उसके सफर को खत्म कर सकता है। हालांकि उसके लिए प्लस पॉइंट ये है कि उसके अगले चार में से तीन मैच उन टीमों से हैं, जिनको वह इस सीजन में एक-एक बार हरा चुकी है।
Published on:
07 May 2026 10:39 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
