
Delhi vs Andhra: विदाई मैच में गौतम गंभीर ने ठोका शतक, 185 गेंदों में बनाए इतने रन
नई दिल्ली।भारतीय क्रिकेट टीम के लिए लम्बे समय तक तीनों प्रारूप में क्रिकेट खेलने वाले सलामी बाएं हाथ के बल्लेबाज गौतम गंभीर ने अपने विदाई मैच में शानदार शतकीय पारी खेली है। उन्होंने आंध्र प्रदेश के खिलाफ फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मैच के तीसरे दिन शतकीय पारी खेली। उन्होंने 4 दिसंबर को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उनको आखिरी बार बल्लेबाजी करते हुए देखने के लिए कोटला मैदान पर भारी तादात में समर्थक पहुंचे।
गंभीर की शतकीय पारी-
आंध्र-दिल्ली रणजी ट्रॉफी मैच के तीसरे दिन गंभीर ने दिल्ली की पहली पारी में 185 गेंदों का सामना कर 10 चौके लगाकर 112 रन बनाए। उन्होंने इस पारी के दौरान सलामी बल्लेबाज हितेन दलाल(58) के साथ 108 रनों की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने ध्रुव शोरे(नाबाद 50) के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की। खबर लिखे जाने तक दिल्ली का स्कोर 68 ओवरों में 2 विकेट गंवाकर 221 रन था।
मैच का संक्षिप्त हाल-
दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आंध्र ने रिकी भुई के 187 रनों की पारी की बदौलत सभी विकेट गंवाकर 390 रन बनाए। आंध्र के किसी और बल्लेबाज ने अर्धशतक भी नहीं बनाया। दिल्ली के लिए सुबोध भाटी ने 5 और विकाश मिश्रा ने 2 विकेट झटके।
Updated on:
08 Dec 2018 12:36 pm
Published on:
08 Dec 2018 12:31 pm
