
Rishabh Pant News: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की कार दुर्घटना हाल के भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में से एक थी। ऋषभ पंत जानलेवा कार हादसे का शिकार होने के बाद पेशेवर क्रिकेट में वापसी कर पाएंगे या नहीं, इसको लेकर सस्पेंस बना हुआ था। लेकिन, पंत ने कभी हिम्मत नहीं हारी और आईपीएल 2024 के जरिए मैदान पर वापसी की और अब टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम का हिस्सा भी हैं। शिखर धवन के टॉक शो में कार हादसे के बाद अपने रिकवरी के दिनों को याद करते हुए पंत भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि मैं दो महीने तक टूथ ब्रश नहीं कर सका था और छह से सात महीने तक मुझे पीड़ा झेलनी पड़ी।
26 वर्षीय ऋषभ पंत ने उस भयानक कार हादसे और चोटों को झेलने के बाद अपना अनुभव साझा किया है। उन्हें कई फ्रैक्चर हुए और घुटने की चोट के लिए लिगामेंट का आपरेशन हुआ। ये चोटें उनके करियर के लिए काफी गंभीर थीं, लेकिन उन्होंने 15 महीने के रिहैबिलिटेशन के बाद हाल ही में आईपीएल 2024 से शानदार वापसी की है।
ऋषभ पंत ने बताया कि चोट से उबरने के दौरान आत्म-विश्वास का होना बहुत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि आपके आसपास लोग तरह-तरह की बातें कहते हैं और आपको एक व्यक्ति के रूप में यह सोचना होता है कि आपके लिए क्या अच्छा है? पंत ने जियोसिनेमा पर शिखर धवन के टॉक शो 'धवन करेंगे' के नए एपिसोड के दौरान कई खुलासे किए।
ऋषभ पंत ने बताया कि जब मैं कार हादसे के बाद उठा तो मुझे यह भी यकीन नहीं था कि जीवित भी रह पाऊंगा या नहीं, लेकिन भगवान ने मुझे नया जीवन दिया। उस दौरान मैं दो महीने तक अपने दांत भी साफ नहीं कर सका और छह से सात महीने तक मुझे बहुत पीड़ा झेलनी पड़ी। मैं व्हीलचेयर पर लोगों का सामना करने से घबरा रहा था।
आईपीएल 2024 में ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स की कमान सौंपने की घोषणा के बाद लोगों के जेहन में कई सवाल उठ रहे थे कि क्या वह पहले की तरह से बल्लेबाजी कर पाएंगे? क्या विकेटकीपिंग कर पाएंगे? लेकिन, पंत ने शानदार वापसी के बाद सभी सवालों को खारिज कर दिया और 13 पारियों में 40.55 की औसत से 155.40 की स्ट्राइक रेट से 446 रन बनाए।
वहीं, ऋषभ पंत ने भारतीय टीम में वापसी को लेकर कहा कि अब जब मैं क्रिकेट में वापसी कर रहा हूं तो दबाव महसूस करने से ज्यादा मैं उत्साहित हूं। मुझे लगता है कि यह दूसरी जिंदगी है, इसलिए मैं उत्साहित हूं, लेकिन घबराया हुआ भी हूं।
Published on:
28 May 2024 04:55 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
