7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

RR vs MI: वैभव सूर्यवंशी समेत राजस्थान रॉयल्स के ये 5 खिलाड़ी आज मुंबई इंडियंस के लिए सबसे बड़ा खतरा

RR vs MI: आईपीएल 2026 में राजस्‍थान रॉयल्‍स के वैभव सूर्यवंशी समेत पांच खिलाड़ी ऐसे हैं, जो मुंबई इंडियंस के लिए आज गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्‍टेडियम में सबसे बड़ा खतरा हो सकते है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

Apr 07, 2026

RR vs MI

गुजरात के खिलाफ जीत की खुशी मनाते राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाड़ी। (फोटो सोर्स: IANS)

RR vs MI: आईपीएल 2026 के 13वें मुकाबले में आज मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स का सामना गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस से होगा। राजस्‍थान ने इस सीजन खेले अब तक दोनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं, एमआई को आखिरी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। मुंबई में एक से बढ़कर एक बल्‍लेबाज और एक से बढ़कर एक गेंदबाज हैं, लेकिन इस मुकाबले में राजस्‍थान के स्‍टार युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी समेत 5 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो एमआई के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।

वैभव सूर्यवंशी शानदार लय में

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी अब तक खेले दोनों ही मुकाबलों में शानदार लय में दिखाई दिए हैं। सीएसके के खिलाफ वैभव ने 17 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली थी, तो गुजरात टाइटंस के खिलाफ 18 गेंदों में 31 रन बनाए। वैभव पावरप्ले में अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। 15 वर्षीय बल्लेबाज अगर क्रीज पर टिक गया, तो राजस्थान रॉयल्स की टीम बड़ा टोटल खड़ा कर सकती है।

यशस्वी जायसवाल कमाल की फॉर्म में

वैभव सूर्यवंशी के सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल भी कमाल की फॉर्म में नजर हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी मुकाबले में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 36 गेंदों में 55 रनों की दमदार पारी खेली थी। आईपीएल 2026 में खेली अब तक दोनों ही पारियों में यशस्वी की बल्लेबाजी में आक्रामक अंदाज के साथ-साथ सूझबूझ भी नजर आई है। अगर जायसवाल अंत तक खेले तो भी राजस्‍थान की टीम एमआई के सामने विशाल लक्ष्‍य रख सकती है।

ताबड़तोड़ बल्‍लेबाजी कर रहे ध्रुव जुरेल

नंबर तीन की बल्लेबाजी पोजीशन जुरेल को खूब रास भी आई है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी मुकाबले में ध्रुव जुरेल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से हर किसी को खासा प्रभावित किया था। जुरेल ने सिर्फ 42 गेंदों का सामना करते हुए 75 रनों की दमदार पारी खेली थी। जुरेल ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के साथ-साथ पारी को बुनने की काबिलियत भी रखते हैं।

पर्पल कैप होल्‍डर रवि बिश्नोई

राजस्थान रॉयल्स के स्पिन गेंदबाज रवि बिश्नोई ने आखिरी मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट निकाले थे। बिश्नोई अपनी घूमती गेंदों के दम पर मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों का सिरदर्द बढ़ा सकते हैं। विकेट निकालने के साथ-साथ बिश्नोई आरआर के घरेलू मैदान पर बीच के ओवर्स में रनों पर लगाम भी लगा सकते हैं। वह 2 मुकाबलों में 5 विकेट के साथ इस सीजन सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में पहले स्थान पर हैं। फिलहाल इस सीजन की पर्पल कैप बिश्‍नोई के पास है।

जोफ्रा आर्चर का मैच जिताऊ ओवर

राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर अब तक खेले 2 मुकाबलों में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं। आर्चर की गेंदबाजी में रफ्तार के साथ-साथ अच्छी लाइन एंड लेंथ भी नजर आई है, जो शुरुआत में ही मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकती है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ आर्चर ने पारी के 19वें ओवर में सिर्फ 4 रन खर्च करते हुए राजस्थान रॉयल्स को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।